कंपनियां

IndiGo के दो विमानों के इंजन में खामी का ‘तकनीकी मूल्यांकन’ कर रहा DGCA

IndiGo के विमानों में प्रैट एंड व्हिटनी (P&W) कंपनी के इंजन का इस्तेमाल होता है। एयरलाइन के बेड़े में जून के अंत में 316 विमान मौजूद थे।

Published by
भाषा   
Last Updated- August 30, 2023 | 4:48 PM IST

नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) किफायती एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) के साथ मिलकर उसके दो विमानों के इंजन में मंगलवार को पैदा हुई समस्या का ‘तकनीकी मूल्यांकन’ कर रहा है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

विमान को कोलकाता में सुरक्षित उतारा गया

इंडिगो के दो विमानों के इंजन में मंगलवार को उड़ान के दौरान समस्या पैदा हो गई थी। एक उड़ान कोलकाता से बेंगलूरु जा रही थी जबकि दूसरी उड़ान मदुरै से मुंबई की थी। एयरलाइन ने बयान में कहा कि कोलकाता-बेंगलूरु उड़ान संख्या 6ई 455 में उड़ान भरने के बाद तकनीकी समस्या होने पर विमान को वापस कोलकाता में उतारा गया। इस दौरान पायलट ने निर्धारित परिचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए विमान को कोलकाता में सुरक्षित उतार दिया।

Also read: DGCA ने ताशकंद के लिए IndiGo की उड़ान सेवाओं को मंजूरी दी

इंडिगो के विमानों में प्रैट एंड व्हिटनी का इंजन

इंडिगो के मुताबिक, मंगलवार को ही मदुरै-मुंबई उड़ान संख्या 6ई-2012 में भी लैंडिंग के पहले तकनीकी समस्या पैदा हो गई। पायलट ने एहतियात बरतते हुए विमान को मुंबई में उतार दिया। अब इस विमान को जरूरी रखरखाव के बाद ही दोबारा परिचालन में लाया जाएगा।

DGCA के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को कहा कि इन दोनों घटनाओं के संज्ञान में आने के बाद एयरलाइन के साथ मिलकर इस प्रकरण का तकनीकी मूल्यांकन किया जा रहा है। इंडिगो के विमानों में प्रैट एंड व्हिटनी (पी एंड डब्ल्यू) कंपनी के इंजन का इस्तेमाल होता है। एयरलाइन के बेड़े में जून के अंत में 316 विमान मौजूद थे।

First Published : August 30, 2023 | 4:48 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)