कंपनियां

मोबाइल फोन खेप को रोकने की DRI की कार्रवाई निर्यात के लिए घातक: VIVO

Published by
प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया
Last Updated- December 09, 2022 | 1:33 PM IST

चीन की मोबाइल फोन कंपनी VIVO ने आरोप लगाया है कि राजस्व खुफिया विभाग (DRI) ने निर्यात के लिए तैयार कंपनी की एक खेप को दिल्ली हवाईअड्डे पर रोक दिया है।

उद्योग निकाय ICEA के सरकार को लिखे पत्र के अनुसार वीवो ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई भारत से कंपनी के निर्यात के लिए घातक है।

वीवो ने इंडिया सेल्युलर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन (ICEA) को भेजे एक ईमेल में आरोप लगाया है कि DRI ने 26,840 मोबाइल फोन की खेप को जब्त कर लिया है। विभाग हैंडसेट के बॉक्स की सील खोलने के बाद उसके IMEI नंबर की जांच कर रहा है, जिसके बाद उनका निर्यात नहीं हो पाएगा।

ईमेल के मुताबिक, ”पूरी खेप दिल्ली हवाईअड्डे पर बिखरी पड़ी है और अब निर्यात के लायक नहीं रह गई है। अब इसे दोबारा कारखाने ले जाकर पूरी तरह निरीक्षण करने और फिर से पैक करना होगा। त्योहारों का मौसम होने के कारण DRI की यह कार्रवाई घातक है।”

ICA ने DRI की कार्रवाई पर चिंता व्यक्त करते हुए इस बात को इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय तक पहुंचाई है। उसने इस संदर्भ में मंत्रालय के सचिव अल्केश कुमार शर्मा को पत्र लिखा है। इस संबंध में VIVO और DRI को भेजे गए ईमेल का कोई जवाब नहीं मिला।

First Published : December 9, 2022 | 1:33 PM IST