कंपनियां

Vedanta Group पर ED का शिकंजा, विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामले में कंपनी के कई परिसरों में छापेमारी

ईडी ने विदेशी मुद्रा नियमों (फेमा) के कथित उल्लंघन और लंदन स्थित मूल कंपनी से जुड़े ब्रांड शुल्क मामले में वेदांत समूह के चार आधिकारिक जगहों पर छापेमारी की

Published by
भाषा   
Last Updated- June 02, 2026 | 10:03 PM IST

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विदेशी मुद्रा संबंधी कथित ‘उल्लंघन’ के संबंध में अरबपति कारोबारी अनिल अग्रवाल के वेदांत समूह के खिलाफ जांच के तहत उसके आधिकारिक परिसरों में छापेमारी की। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि वैश्विक खनन समूह के खिलाफ छापेमारी सोमवार को शुरू की गई और दिल्ली, मुंबई एवं राजस्थान के उदयपुर स्थित परिसरों सहित वेदांता लिमिटेड के चार परिसरों की तलाशी ली गई। जांच विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के दीवानी प्रावधानों के तहत की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि भारतीय कंपनी वेदांत लिमिटेड की लंदन स्थित मूल कंपनी वेदांत रिसोर्सेज द्वारा 2023 में वेदांत लिमिटेड को ब्रांड शुल्क का एक हिस्सा लौटाए जाने का एक मामला संघीय जांच एजेंसी की जांच के दायरे में है। उन्होंने बताया कि जारी जांच में समूह की कुछ अन्य व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की जा रही है। वेदांत के एक प्रवक्ता ने ईडी की कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि कंपनी ‘प्राधिकारियों को पूरा सहयोग दे रही है और मांगी गई सभी जानकारी उपलब्ध करा रही है।’

प्रवक्ता ने कहा, ‘कंपनी सभी कानूनों और नियमों के अनुपालन के लिए प्रतिबद्ध है।’ उन्होंने कहा, ‘चूंकि मामला फिलहाल नियामकीय प्रक्रिया के तहत है इसलिए हम इस स्तर पर आगे कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।’ वेदांत लिमिटेड धातुओं, महत्वपूर्ण खनिजों और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रमुख वैश्विक उत्पादक है। कंपनी का कारोबार भारत, अफ्रीका, पश्चिम एशिया और पूर्वी एशिया में फैला है। 

First Published : June 2, 2026 | 10:02 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)