कंपनियां

फेयरफैक्स फाइनेंशियल ने IIFL Finance में 5.7% हिस्सेदारी 1,198 करोड़ रुपये में बेची

इस सौदे के बाद आईआईएफएल फाइनेंस में एफआईएच मॉरीशस इन्वेस्टमेंट्स की हिस्सेदारी 20.90 प्रतिशत से घटकर 15.2 प्रतिशत रह गई है।

Published by
भाषा   
Last Updated- December 22, 2023 | 8:43 PM IST

कनाडा के अरबपति प्रेम वत्स के फेयरफैक्स समूह (Fairfax Group) ने शुक्रवार को खुला बाजार लेनदेन के माध्यम से आईआईएफएल फाइनेंस में अपनी 5.7 प्रतिशत हिस्सेदारी 1,198 करोड़ रुपये में बेच दी है।

फेयरफैक्स समूह ने अपने सहयोगी एफआईएच मॉरीशस इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के माध्यम से आईआईएफएल फाइनेंस लिमिटेड के शेयर बेचे हैं।

BSE के पास मौजूद सौदे के आंकड़ों के अनुसार, एफआईएच मॉरीशस इन्वेस्टमेंट्स ने 2,16,02,000 शेयर बेचे हैं, जो आईआईएफएल फाइनेंस लिमिटेड में 5.7 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है। यह सौदा औसतन 554.64 रुपये प्रति शेयर के भाव पर किया गया है। इस तरह सौदे का कुल मूल्य 1,198.13 करोड़ रुपये बैठता है।

इस सौदे के बाद आईआईएफएल फाइनेंस में एफआईएच मॉरीशस इन्वेस्टमेंट्स की हिस्सेदारी 20.90 प्रतिशत से घटकर 15.2 प्रतिशत रह गई है।

इस बीच, नोमुरा इंडिया इन्वेस्टमेंट फंड मदर फंड ने आईआईएफएल फाइनेंस के 26.20 लाख से ज्यादा शेयर 551.01 रुपये प्रति शेयर की दर से खरीदे हैं। यह सौदा 144.39 करोड़ रुपये में हुआ।

First Published : December 22, 2023 | 8:43 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)