एफएमसीजी

HUL ने खानपान कारोबार को बेचने की खबरों को नकारा, मैककॉर्मिक डील पर सस्पेंस बरकरार

HUL मैककॉर्मिक के साथ वैश्विक स्तर पर खानपान कारोबार बेचने की चर्चाओं के बीच, एचयूएल ने स्पष्ट किया है कि भारत में पोर्टफोलियो बेचने की कोई योजना नहीं है

Published by
शार्लीन डिसूजा   
एजेंसियां   
Last Updated- March 20, 2026 | 10:14 PM IST

हिन्दुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल) का कहना है कि वह अपने खानपान पोर्टफोलियो का विनिवेश करने के संबंध में किसी भी चर्चा में शामिल नहीं है। शेयर बाजार को दी गई सूचना में यह जानकारी दी गई है। यह बात ऐसे समय में सामने आई है, जब इसकी मूल कंपनी यूनिलीवर अपने खानपान कारोबार को छोटी प्रतिस्पर्धी मैककॉर्मिक ऐंड कंपनी को बेचने के लिए बातचीत कर रही है।

भारत में इसके खानपान कारोबार में ब्रुक बॉन्ड 3 रोजेज, ब्रुक बॉन्ड रेड लेबल, ब्रुक बॉन्ड ताजा, ब्रुक बॉन्ड ताजमहल जैसे ब्रांड शामिल हैं। इन ब्रांड के तहत कंपनी चाय पत्ती बेचती है। ब्रू इसका कॉफी ब्रांड है, लिप्टन भी इसका चाय ब्रांड है। बूस्ट और हॉर्लिक्स दोनों इसकी पोषण श्रेणी के तहत आते हैं। मेयोनीज ब्रांड हेलमैनस और किसान इसके जैम और सॉस श्रेणी में आते है तथा नॉर पकाने के लिए तैयार खाद्य उत्पादों की श्रृंखला में शामिल है।

अपनी वेबसाइट पर एक सूचना में यूनिलीवर ने कहा, ‘निदेशक मंडल का मानना है कि खानपान एक अत्यंत आकर्षक कारोबार है, जिसका बढ़ती श्रेणियों में बाजार के अग्रणी ब्रांडों द्वारा संचालित दमदार वित्तीय प्रोफाइल है और यूनिलीवर के हिस्से के रूप में खानपान कारोबार के भविष्य में विश्वास है।’

वेबसाइट पर सूचना में यह भी कहा गया, ‘यूनिलीवर इस बात की पुष्टि करती है कि उसे अपने खानपान कारोबार के लिए एक अप्रत्याशित प्रस्ताव मिला है और वह मैककॉर्मिक ऐंड कंपनी, इंक के साथ बातचीत कर रही है। इसमें में कोई निश्चितता नहीं है कि किसी भी सौदे पर सहमति बन पाएगी।’ यूनिलीवर पहले से ही अपने वैश्विक आइसक्रीम कारोबार को अलग करने की प्रक्रिया में है। इसे वह एकल आधार पर समर्पित कंपनी बनाने के लिए उठाया गया कदम बताती है।

भारत में आइसक्रीम कारोबार को अलग कर दिया गया था और अब इसे क्वालिटी वॉल्स (इंडिया) के नाम से भारतीय शेयर बाजार पर अलग से सूचीबद्ध किया जा चुका है।

यूनिलीवर की निवेशक अवीवा के वैश्विक इक्विटी पोर्टफोलियो प्रबंधक रिचर्ड साल्डाना ने कहा, ‘हमें लगता है कि यह बात समझदारी वाली है कि यूनिलीवर अपने खानपान कारोबार के विकल्पों पर विचार कर रही है।’ उन्होंने कहा, ‘यह स्पष्ट है कि कंपनी व्यक्तिगत देखभाल और सौंदर्य जैसे क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करना चाहती है, जहां अंतर्निहित श्रेणी और बिक्री वृद्धि अधिक आकर्षक है।’

यूनिलीवर के खानपान कारोबार ने साल 2025 में इसकी कुल बिक्री में लगभग एक-चौथाई हिस्सेदारी की, जिससे पिछले साल 12.9 अरब यूरो (14.91 अरब डॉलर) से अधिक का राजस्व उत्पन्न हुआ।

इस मामले से परिचित एक सूत्र के अनुसार मैककॉर्मिक का प्रस्ताव अवांछित था। दोनों कंपनियों ने कहा कि इस बात में कोई सुनिश्चितता नहीं है कि कोई सौदा तय हो ही जाएगा। उन्होंने कोई वित्तीय जानकारी भी नहीं दी।

First Published : March 20, 2026 | 10:14 PM IST