कंपनियां

FY24Q2 Results: Spicejet को सितंबर तिमाही में हुआ 446 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड घाटा

दूसरी तिमाही में Spicejet की कुल आय 1,725.81 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले की समान तिमाही में 2,101.79 करोड़ रुपये थी।

Published by
भाषा   
Last Updated- December 12, 2023 | 6:21 PM IST

आर्थिक संकट से घिरी विमानन कंपनी स्पाइसजेट का चालू वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में एकीकृत घाटा कम होकर 446.09 करोड़ रुपये पर आ गया। स्पाइसजेट ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा कि कुल खर्चों में कटौती से उसके एकीकृत घाटे में कमी आई है।

जुलाई-सितंबर, 2023 की अवधि में कंपनी का एकीकृत घाटा 446.09 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 829.98 करोड़ रुपये था।

बीती तिमाही के एकीकृत नतीजों में स्पाइसजेट की नौ सब्सिडियरीज के आंकड़े भी शामिल हैं। इस तिमाही में कंपनी की कुल आय 1,725.81 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले की समान तिमाही में 2,101.79 करोड़ रुपये थी।

इसी अवधि में कंपनी के कुल खर्चे भी घटकर 2,175.24 करोड़ रुपये रहे जबकि साल भर पहले यह आंकड़ा 2,935.02 करोड़ रुपये था।

एयरलाइन ने अलग से जारी बयान में कहा कि उसका बीती तिमाही में उसका शुद्ध घाटा 428 करोड़ रुपये रहा जबकि साल भर पहले उसे 835 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।

हालांकि, एयरलाइन ने यह नहीं बताया कि यह घाटा एकल आधार पर है या एकीकृत आधार पर है।

स्पाइसजेट के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अजय सिंह ने कहा, ‘‘विमानन उद्योग के लिए आमतौर पर चुनौतीपूर्ण साबित होने वाली सितंबर तिमाही में भी स्पाइसजेट लागत में कटौती वाले उपाय अपनाने और गतिशील बाजार परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालने में लगी रही है।’’

First Published : December 12, 2023 | 6:21 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)