कंपनियां

FY26 Q4 Results: लिस्टेड कंपनियों का मुनाफा 15.1% बढ़ा, आय वृद्धि 12 तिमाहियों के हाई पर

चौथी तिमाही के नतीजे जारी करने वाली 3,081 सूचीबद्ध कंपनियों का कुल समायोजित शुद्ध मुनाफा वित्त वर्ष 2026 की जनवरी-मार्च तिमाही में बढ़कर करीब 4.74 लाख करोड़ रुपये रहा

Published by
कृष्ण कांत   
Last Updated- May 31, 2026 | 10:38 PM IST

वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल शुद्ध मुनाफा 15.1 फीसदी बढ़ा जो वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में 9.2 फीसदी बढ़ा था। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल मार्केटिंग कंपनियों, गैर-बैंक रिटेल ऋणदाताओं, धातु एवं खनन कंपनियों तथा बिजली उत्पादक जैसी चक्रीय क्षेत्र की कंपनियों के बेहतर प्रदर्शन से मुनाफे में वृद्धि हुई है। इसकी तुलना में वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में बैंक, आईटी, वाहन और एफएमसीजी तथा पूंजीगत वस्तु विनिर्माता कंपनियों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा।

चौथी तिमाही के नतीजे जारी करने वाली 3,081 सूचीबद्ध कंपनियों का कुल समायोजित शुद्ध मुनाफा वित्त वर्ष 2026 की जनवरी-मार्च तिमाही में बढ़कर करीब 4.74 लाख करोड़ रुपये रहा जो वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में 4.12 लाख करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में 4.09 लाख करोड़ रुपये था।

इस तिमाही में जिंसों के दाम बढ़ने, रुपये में नरमी और कई उपभोक्ता वस्तु क्षेत्रों में दोबारा स्टॉक भरने के कारण आय वृद्धि में भी समग्र रूप से सुधार भी देखने को मिला। वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में इन कंपनियों की कुल शुद्ध आय 11.4 फीसदी बढ़ी जो पिछली 12 तिमाही में सबसे तेज वृद्धि है।

इसकी तुलना में इन कंपनियों की शुद्ध बिक्री या आय वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में 6.2 फीसदी और वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में 9.1 फीसदी बढ़ी थी। इन कंपनियों की कुल शुद्ध आय वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में करीब 45.65 लाख करोड़ रुपये रही, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में करीब 40.99 लाख करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में 42.07 लाख करोड़ रुपये थी।

बैंक, गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों, बीमा और स्टॉक ब्रोकिंग (बीएफएसआई) को छोड़कर अन्य कंपनियों का कुल शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में 14.2 फीसदी बढ़ा, जो वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में 13.4 फीसदी बढ़ा था लेकिन 2026 की तीसरी तिमाही में इसमें 15.2 फीसदी की वृद्धि हुई थी।

बीएफएसआई से इतर कंपनियों का कुल शुद्ध मुनाफा वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में 2.98 लाख करोड़ रुपये रहा जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 2.6 लाख करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में इन कंपनियों की कुल आय 12.8 फीसदी बढ़ी जो 13 तिमाही में सबसे तेज वृद्धि है।

गैर-बीएफएसआई कंपनियों में तेल एवं गैस, खनन एवं धातु, सीमेंट और बिजली को छोड़ दें तो कुल आय वृद्धि में नरम रही। वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में इन क्षेत्र की कंपनियों का कुल समायोजित शुद्ध मुनाफा 8.8 फीसदी बढ़ा, जो वित्त वर्ष 2025 की समान तिमाही में 17.6 फीसदी बढ़ा था। विश्लेषकों ने कहा कि वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही असाधारण रही है।

First Published : May 31, 2026 | 10:38 PM IST