कंपनियां

GAIL Q2 results: गेल का नेट प्रॉफिट दूसरी तिमाही में 56 प्रतिशत बढ़ा

गेल ने शेयर बाजार को बताया कि जुलाई-सितंबर 2023 में उसका एकल शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 54.4 प्रतिशत बढ़कर 2,404.89 करोड़ रुपये यानी 3.66 रुपये प्रति शेयर रहा।

Published by
भाषा   
Last Updated- October 31, 2023 | 4:43 PM IST

GAIL Q2 results: सार्वजनिक क्षेत्र की गैस कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड ने मंगलवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 56 प्रतिशत बढ़ा। कंपनी ने कहा कि गैस पारेषण और विपणन कारोबार से हुई बंपर कमाई ने पेट्रोरसायन कारोबार में हुए घाटे की भरपाई करने में मदद की।

गेल ने शेयर बाजार को बताया कि जुलाई-सितंबर 2023 में उसका एकल शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 54.4 प्रतिशत बढ़कर 2,404.89 करोड़ रुपये यानी 3.66 रुपये प्रति शेयर रहा। यह आंकड़ा पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 1,537.07 करोड़ रुपये यानी 2.34 रुपये प्रति शेयर था।

Also read: Honasa Consumer IPO: सब्सक्रिप्शन के लिए खुला 1,701 करोड़ रुपये का आईपीओ, जानें GMP, अन्य डिटेल्स

चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में गेल की गैस पारेषण व्यवसाय से कर-पूर्व आय 82 प्रतिशत बढ़कर 1,290.65 करोड़ रुपये हो गई। वहीं प्राकृतिक गैस के विपणन से कर-पूर्व आय भी लगभग 400 प्रतिशत बढ़कर 1,784.58 करोड़ रुपये हो गई। हालांकि गेल इंडिया को समीक्षाधीन तिमाही में पेट्रोरसायन कारोबार में 160.61 करोड़ रुपये का घाटा उठाना पड़ा।

आलोच्य अवधि में कंपनी की परिचालन आय गिरकर 31,882.62 करोड़ रुपये रह गई जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 38,490.89 करोड़ रुपये थी।

First Published : October 31, 2023 | 4:43 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)