कंपनियां

HUDCO में 7 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचेगी सरकार, मिलेंगे लगभग 1000 करोड़ रुपये

हडको में सात प्रतिशत हिस्सेदारी 79 रुपये के भाव पर बेचने से सरकारी खजाने को लगभग 1,000 करोड़ रुपये मिलेंगे।

Published by
भाषा   
Last Updated- October 17, 2023 | 8:08 PM IST

सरकार हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (HUDCO) में सात प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेचेगी। यह बिक्री न्यूनतम 79 रुपये प्रति शेयर के भाव पर की जाएगी।

कुल 14.01 करोड़ शेयर यानी सात प्रतिशत हिस्सेदारी बिक्री पेशकश के तहत बेची जाएगी। यह पेशकश बुधवार को संस्थागत निवेशकों के लिये खुलेगी। खुदरा निवेशक गुरुवार को हडको (HUDCO) के शेयर के लिये बोली लगा सकते हैं।

सरकारी खजाने को लगभग 1,000 करोड़ रुपये मिलेंगे

हडको में सात प्रतिशत हिस्सेदारी 79 रुपये के भाव पर बेचने से सरकारी खजाने को लगभग 1,000 करोड़ रुपये मिलेंगे।

निवेश और लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग (DIPAM) के सचिव तुहिन कांत पांडेय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा है, ‘‘गैर-खुदरा निवेशकों के लिए हडको में बिक्री पेशकश बुधवार को खुलेगी। खुदरा निवेशक बृहस्पतिवार को बोली लगा सकते हैं।’’

उन्होंने लिखा है, ‘‘सरकार अतिरिक्त बोली आने पर 3.5 प्रतिशत ज्यादा हिस्सेदारी बेचने के विकल्प सहित सात प्रतिशत हिस्सेदारी का विनिवेश करेगी।’’

न्यूनतम 79 रुपये का मूल्य हडको के शेयर के मंगलवार को बंद भाव के मुकाबले 12 प्रतिशत कम है। हडको का शेयर बीएसई में 0.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ 89.92 रुपये पर बंद हुआ।

First Published : October 17, 2023 | 8:08 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)