कंपनियां

पश्चिम एशिया हवाई क्षेत्र में प्रतिबंध के चलते इंडिगो की मैनचेस्टर उड़ान दिल्ली लौटी

इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा कि पश्चिम एशिया और आसपास बदलते हालात के कारण हमारी कुछ उड़ानों को लंबे मार्गों से जाना पड़ सकता है या उनमें बदलाव हो सकते हैं

Published by
दीपक पटेल   
Last Updated- March 10, 2026 | 12:07 AM IST

सोमवार सुबह दिल्ली से मैनचेस्टर रवाना हुई इंडिगो की उड़ान को अफ्रीका में इरीट्रिया की सीमा के पास अचानक हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण बीच हवा में ही लौटना पड़ा। उड़ान लगभग दोपहर 2.30 बजे राष्ट्रीय राजधानी में लौटी।

इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा, ‘पश्चिम एशिया और आसपास बदलते हालात के कारण हमारी कुछ उड़ानों को लंबे मार्गों से जाना पड़ सकता है या उनमें बदलाव हो सकते हैं। पश्चिम एशिया में जारी स्थिति की वजह से अंतिम समय में लगाए गए हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण दिल्ली से मैनचेस्टर जाने वाली हमारी उड़ान 6ई 033 को अपने मूल स्थान पर लौटना पड़ा।’

प्रवक्ता ने कहा, ‘हम यात्रा बहाल करने की संभावनाओं का पता लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ काम कर रहे हैं। हमेशा की तरह हमारे ग्राहकों, चालक दल और विमान की सुरक्षा और संरक्षण हमारे लिए सर्वोपरि है।’

इंडिगो की यूरोप की उड़ानें 28 फरवरी तब से संचालित नहीं हो रही थीं, जब से अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर सैन्य हमले किए थे। हमलों से पश्चिम एशिया में नया संघर्ष शुरू हो गया और इस इलाके के बड़े हिस्से का हवाई क्षेत्र बंद हो गया था।

विमानन कंपनी ने 7 मार्च को कहा था कि वह यूरोप का अपना परिचालन फिर से शुरू करेगी क्योंकि पश्चिम एशिया में बदलते हालात और हवाई क्षेत्र के संबंधित प्रतिबंधों के कारण आई बाधाओं के बाद विमानन कंपनी धीरे-धीरे समयसारणी बहाल कर रही हैं।

हालांकि उद्योग के अधिकारियों ने कहा कि इंडिगो की यूरोप की उड़ानें, जो नॉर्स अटलांटिक से वेट-लीज पर (चालक दल, बीमा, रख-रखाव सुविधा आदि के साथ किराए का विमान) लिए गए बोइंग 787 विमान के इस्तेमाल से संचालित की जाती हैं, वर्तमान में लंबा रास्ता लेर रही हैं। ये उड़ाने मुंबई से अफ्रीका के ऊपर दक्षिण की ओर उड़ रही हैं और फिर लाल सागर को पार करके मिस्र में प्रवेश कर रही हैं। इससे उड़ान का समय लगभग साढ़े 10 घंटे बढ़ गया है।

First Published : March 10, 2026 | 12:07 AM IST