कंपनियां

IndiGo pilots licence: हो रही थी लैंडिंग, टकरा गया पहिया; DGCA ने की दो पायलटों पर कार्रवाई

DGCA अधिकारी ने कहा कि अहमदाबाद में 15 जून को उतरते समय Indigo की Airbus 321 का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा गया था

Published by
भाषा   
Last Updated- July 26, 2023 | 3:52 PM IST

नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने सुरक्षा नियमों और मानक परिचालन प्रक्रिया (SOP) के उल्लंघन मामले में इंडिगो (Indigo) के दो पायलट के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। यह मामला पिछले महीने अहमदाबाद हवाईअड्डे पर विमान के उतरते समय का है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उड़ान के प्रभारी पायलट का लाइसेंस तीन महीने के लिए जबकि को-पायलट का लाइसेंस एक महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है।

बेंगलूरु से अहमदाबाद जा रही थी फ्लाइट

बेंगलूरु से 15 जून को अहमदाबाद जा रहे इंडिगो के विमान के उतरते समय उसका पिछला हिस्सा जमीन से छू गया था, जिसके बाद DGCA ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। इसके अलावा जांच पूरी होने तक दोनों पायलट को उड़ान की अनुमति नहीं देने का आदेश दिया था।

DGCA अधिकारी ने बुधवार को कहा, ‘अहमदाबाद में 15 जून को उतरते समय Airbus 321 का पिछला हिस्सा जमीन से टकरा गया था। DGCA ने अपनी जांच में पाया कि चालक दल ने SOP का उल्लंघन करते हुए विमान उतारा।’ उन्होंने कहा कि इसके बाद दोनों पायलट को कारण बताओ नोटिस भेज दिया गया था।

कब तक के लिए होगा लाइसेंस सस्पेंड? 

अधिकारी ने कहा, ‘उनके जवाब सुनने और अन्य तथ्यों की जांच करने के बाद संबंधित नियमों और SOP का उल्लंघन करने के आरोप में प्रभारी चालक का लाइसेंस तीन महीने के लिए और को-पायलट का लाइसेंस एक महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है।’

First Published : July 26, 2023 | 3:52 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)