Representative Image
Delhi power demand: बीते कुछ दिनों से मौसम काफी ठंडा हो रहा है। दिल्ली में शुक्रवार को सर्दी ने 5 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। सर्दी बढ़ने के साथ ही दिल्ली में बिजली की मांग भी सर्दी के सीजन (Winter season) में सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गई है। इस महीने बिजली की अधिकतम मांग में करीब 11 फीसदी इजाफा हुआ है।
बिजली की अधिकतम मांग आज 5,701 मेगावाट पर पहुंची
दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड (DTL) के एक अधिकारी ने बताया कि सर्दी बढ़ने के साथ इस महीने बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। शुक्रवार को बिजली की अधिकतम मांग सर्दी के सीजन में सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गई। शुक्रवार को सुबह 10 बजकर 49 मिनट पर बिजली की अधिकतम मांग 5,701 मेगावाट दर्ज की गई। इससे पहले बुधवार को अधिकतम मांग 5,611 मेगावाट दर्ज की गई थी और गुरुवार को यह मांग 5,422 मेगावाट थी। दिल्ली में इस महीने की पहली तारीख को बिजली की अधिकतम मांग 5,134 मेगावाट थी। इस तरह इस महीने बिजली की अधिकतम मांग में 11 फीसदी इजाफा हो चुका है।
सर्दी ने तोड़ा 5 साल का रिकॉर्ड, न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस
भारत मौसम विभाग (IMD)के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो बीते साल में 5 साल में सबसे कम है। साथ ही इस मौसम के औसत तापमान से 3 डिग्री कम है। IMD के अनुसार अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इस बीच, तापमान में गिरावट के साथ ही दिल्ली के कई हिस्सों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। पालम वेधशाला के अनुसार सुबह साढ़े 5 बजे दृश्यता शून्य थी। कोहरे के कारण ट्रेनें भी काफी देर से चल रही हैं। भारतीय रेलवे के मुताबिक दिल्ली आ रही 23 ट्रेनें कोहरे की वजह से एक से छह घंटे की देरी से चल रही हैं।