फोटो क्रेडिट: PTI
नीतू सामरा को आज यमुना इंटरनैशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाईआईएपीएल) की अंतरिम मुख्य कार्य अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया। यह कंपनी नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट का संचालन करती है। यह नियुक्ति ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (बीसीएएस) के उस निर्देश के बाद हुई, जिसमें कहा गया था कि देश में किसी एयरपोर्ट परिचालक में मुख्य कार्य अधिकारी भारतीय नागरिक हो।
स्विट्जरलैंड के नागरिक क्रिस्टोफ श्नेलमैन अगस्त 2020 से वाईआईएपीएल के मुख्य कार्य अधिकारी थे। अब वह कंपनी के निदेशक मंडल में कार्यकारी उपाध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे। ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनैशनल एजी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी वाईआईएपीएल ने साल 2019 में इस नई परियोजना के विकास, निर्माण और संचालन के लिए बोली जीती थी। श्नेलमैन के कार्यकारी उपाध्यक्ष बनने के साथ ही अब सामरा वाईआईएपीएल की अंतरिम मुख्य कार्य अधिकारी होंगी।
शुक्रवार को जारी बयान में एयरपोर्ट परिचालक ने कहा, ‘यह बदलाव बीसीएएस के उन निर्देशों के अनुरूप है जिनके तहत भारत में किसी एयरपोर्ट के मुख्य कार्य अधिकारी का भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है।’
बयान में यह भी कहा गया कि अक्टूबर 2021 से मुख्य वित्तीय अधिकारी के रूप में कार्यरत सामरा, तब तक ‘अंतरिम आधार पर’ एयरपोर्ट का नेतृत्व करेंगी, जब तक कि निदेशक मंडल द्वारा औपचारिक चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती। एयरपोर्ट ने बताया कि श्नेलमैन अपनी नई भूमिका में ‘परियोजना और उसके संचालन में बदलाव की प्रक्रिया को अपना समर्थन देना जारी रखेंगे।’