उद्योग

पीएम मोदी का दुनिया को खुला न्योता, भारत के बिजली क्षेत्र में लगाइए पैसा

प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के बिजली और ऊर्जा क्षेत्र में भारी निवेश की जरूरत बताते हुए वैश्विक निवेशकों को आमंत्रित किया

Published by
नंदिनी केशरी   
Last Updated- March 20, 2026 | 8:47 AM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक समुदाय को भारत के बिजली क्षेत्र में निवेश करने के लिए गुरुवार को आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली में आयोजित भारत विद्युत शिखर सम्मेलन 2026 में कहा कि भारत संपूर्ण विद्युत और ऊर्जा मूल्य श्रृंखला में निवेश का विशाल अवसर प्रस्तुत करता है। इसमें अगले दो दशकों में अनुमानित 2.2 लाख करोड़ डॉलर की आवश्यकता होगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने संदेश में कहा, ‘मैं वैश्विक समुदाय को भारत में निर्माण, भारत के नवाचार, भारत में निवेश और भारत के साथ विस्तार करने के लिए आमंत्रित करता हूं।’ उन्होंने कहा कि देश को विद्युत क्षेत्र के आधुनिकीकरण के लिए महत्त्वपूर्ण निवेश की जरूरत है।

विद्युत सचिव पंकज अग्रवाल ने कार्यक्रम में कहा कि ऊर्जा परिवर्तन को समर्थन देने के लिए भारत को अगले दो दशकों में इस क्षेत्र में लगभग 2.2 लाख करोड़ डॉलर के निवेश की आवश्यकता होगी। भारत ने उत्पादन क्षमता और पारेषण नेटवर्क सहित इस क्षेत्र की ‘हार्डवेयर प्रणाली’ का निर्माण कर लिया है। अगला चरण नियामक ढांचे, बाजार संरचना, मूल्य निर्धारण तंत्र और संस्थागत नवाचार सहित क्षेत्र के सॉफ्टवेयर पर समान रूप से निर्भर करेगा।

First Published : March 20, 2026 | 8:47 AM IST