उद्योग

धुरंधर 2 की अगुवाई में फिल्मों से धुआंधार कमाई, लेकिन ‘ऐड’ में गिरावट, मीडिया सेक्टर में क्या चल रहा है?

धुरंधर 2 की सफलता से PVR INOX में तेज उछाल, जबकि विज्ञापन कमजोरी से Zee पर दबाव, Saregama को म्यूजिक लाइसेंसिंग का सहारा

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- April 07, 2026 | 3:31 PM IST

मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर में इस बार तस्वीर एक जैसी नहीं है। कहीं पर्दे पर भीड़ उमड़ रही है, तो कहीं स्क्रीन के पीछे दबाव बढ़ता जा रहा है। Nuvama Institutional Equities की रिपोर्ट एक ऐसे सेक्टर की कहानी कहती है जहां हर खिलाड़ी की अपनी अलग किस्मत लिखी जा रही है।

इस तिमाही में सबसे बड़ी चमक PVR INOX के हिस्से आती दिख रही है। टिकट की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं और खाने-पीने पर खर्च भी नई ऊंचाई पर है। ‘धुरंधर 2’ की सफलता ने सिनेमाघरों को भर दिया है, जिससे फुटफॉल 3.1 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है। यही वजह है कि कंपनी की कमाई में 19 प्रतिशत और मुनाफे में 41 प्रतिशत की तेज उछाल की उम्मीद है। साफ है कि इस बार बॉक्स ऑफिस की गूंज सीधे कंपनी के आंकड़ों में दिखेगी।

Saregama को पुराने सुरों का सहारा

जहां सिनेमाघरों में शोर है, वहीं म्यूजिक इंडस्ट्री में सन्नाटा भी है। इस तिमाही में कोई बड़ा बॉलीवुड म्यूजिक रिलीज नहीं हुआ, लेकिन सरेगामा ने पुराने गानों और क्षेत्रीय कंटेंट के दम पर अपनी पकड़ बनाए रखी है। म्यूजिक लाइसेंसिंग बिजनेस में 15 प्रतिशत की बढ़त कंपनी को संभाले हुए है, जिससे कुल आय में 7 प्रतिशत की बढ़त का अनुमान है। यानी नए गानों की कमी के बावजूद पुराने हिट्स काम आ रहे हैं।

Zee पर दबाव, विज्ञापन की मार

दूसरी तरफ Zee Entertainment के लिए हालात आसान नहीं हैं। विज्ञापन आय में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा और यह लगातार आठवीं तिमाही है जब दबाव बना हुआ है। कुल आय में करीब 6 प्रतिशत की गिरावट का अनुमान है। हालांकि सब्सक्रिप्शन और डिजिटल प्लेटफॉर्म Zee5 कुछ राहत दे रहे हैं, लेकिन बढ़ते मार्केटिंग खर्च ने मुनाफे को झटका दिया है। यानी कमाई की राह अभी भी कठिन बनी हुई है।

Also Read | घाटे, हादसे और जंग का दबाव… क्या इसी वजह से Air India के CEO ने छोड़ी कुर्सी?

Sun TV के लिए तस्वीर थोड़ी बेहतर दिख रही है। पिछले साल के कमजोर प्रदर्शन का फायदा इस बार मिल रहा है। इसी वजह से आय में 9 प्रतिशत और मुनाफे में 23 प्रतिशत की बढ़त का अनुमान है। यह ग्रोथ भले ही मजबूत दिखे, लेकिन इसके पीछे बेस इफेक्ट की बड़ी भूमिका है।

आगे की कहानी और भी दिलचस्प

रिपोर्ट के मुताबिक असली खेल अभी बाकी है। आने वाली तिमाही में कई बड़ी फिल्में रिलीज होने वाली हैं, जो सिनेमाघरों में भीड़ और बढ़ा सकती हैं। सरेगामा के पास भी बड़े म्यूजिक लॉन्च लाइनअप में हैं, जबकि टीवी कंपनियों के लिए विज्ञापन बाजार में धीरे-धीरे सुधार की उम्मीद है।

First Published : April 7, 2026 | 3:31 PM IST