उद्योग

क्रिसिल का अनुमान: गर्मी बढ़ाएगी सॉफ्ट ड्रिंक्स की डिमांड, इस साल राजस्व में होगी 15% की शानदार ग्रोथ

गर्मी बढ़ने से सॉफ्ट ड्रिंक कंपनियों का राजस्व 15% बढ़ सकता है। हालांकि, नए प्रतिस्पर्धियों और किफायती कीमतों के कारण बाजार में कड़ी प्रतिस्पर्धा और मार्जिन पर दबाव रहेगा

Published by
बीएस संवाददाता   
Last Updated- April 14, 2026 | 10:19 PM IST

क्रिसिल रेटिंग्स की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि गर्मी बढ़ने के साथ ही सॉफ्ट ड्रिंक की निर्माता कंपनियों को शानदार सीजन की उम्मीद है लेकिन प्रतिस्पर्धा के कारण उनके मार्जिन पर दबाव बना रहेगा। पिछले वित्त वर्ष में बिक्री में सुस्त वृद्धि के बाद सॉफ्ट ड्रिंक बॉटलरों को इस वित्त वर्ष में अपने राजस्व में 15 प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिल सकती है जो लंबे समय से उनकी औसत वृद्धि दर है। इसका मुख्य कारण गर्मी का बढ़ना और उन घरेलू बाजारों में गहरी पैठ बनाना है जहां इनकी पहुंच नहीं है। कुल बिक्री में गर्मी के महीने 40 प्रतिशत तक योगदान देते हैं।

शोध में कहा गया है, ‘हालांकि, बिक्री बढ़ने के साथ ही प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी क्योंकि नए प्रतिस्पर्धी आकर्षक कीमत पर उत्पाद लॉन्च कर रहे हैं। मौजूदा कंपनियों को अपनी बाजार हिस्सेदारी बनाए रखने के लिए मार्केटिंग और वितरण खर्च बढ़ाने के साथ-साथ अपनी क्षमता और वितरण बुनियादी ढांचे का विस्तार करना पड़ सकता है।’

क्रिसिल ने कहा, ‘इसके अतिरिक्त नई प्रतिस्पर्धी कंपनियां अपने उत्पादों को 10 और 20 रुपये  जैसी लोकप्रिय कीमतों पर पेश कर रही हैं, जिससे उनका खरीद आकर्षण बढ़ जाता है। इस कारण नए प्रतिस्पर्धियों की बाजार हिस्सेदारी वित्त वर्ष 2024 के 2 प्रतिशत से बढ़कर वित्त वर्ष 2025 में लगभग 6-7 प्रतिशत हो गई है।’ 

First Published : April 14, 2026 | 10:04 PM IST