उद्योग

Vedanta का ओडिशा में बड़ा कदम: झारसुगुड़ा एल्युमीनियम पार्क के लिए दो कंपनियों के साथ पहला करार

वेदांत ने झारसुगुड़ा एल्युमीनियम पार्क के लिए सिंघल स्टील और स्कॉट-एल के साथ पहला समझौता किया है, जो ओडिशा को वैश्विक एल्युमीनियम हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम है

Published by
हेमंत कुमार राउत   
Last Updated- April 10, 2026 | 10:13 PM IST

देश की अग्रणी एल्युमीनियम उत्पादक कंपनी वेदांत लिमिटेड ने शुक्रवार को दो कंपनियों के साथ समझौते किए। ये समझौते ओडिशा के झारसुगुड़ा में कंपनी के आगामी एल्युमीनियम पार्क के भीतर एल्युमीनियम-आधारित विनिर्माण इकाइयां लगाने के लिए किए गए हैं।

अनिल अग्रवाल के नेतृत्व वाली इस कंपनी ने सिंघल स्टील ऐंड पावर प्राइवेट लिमिटेड और स्कॉट-एल मेटकॉन प्राइवेट लिमिटेड के साथ साझेदारी की है, जो इस स्थान पर डाउनस्ट्रीम औद्योगिक गतिविधियों की शुरुआत का संकेत है। दिसंबर 2022 में इस पार्क की आधारशिला रखे जाने के तीन साल से भी अधिक समय बाद ये पहले दो एमओयू (सहमति करार) हैं।

प्रस्तावित 253 एकड़ के ‘वेदांत एल्युमीनियम पार्क’ में से पहले चरण में डाउनस्ट्रीम उद्योगों के लिए 56 एकड़ का क्षेत्र विकसित किया जा चुका है। इस पार्क को पर्यावरण अनुकूल औद्योगिक क्लस्टर के रूप में विकसित किया जा रहा है। उम्मीद है कि री-मेल्टिंग की जरूरत खत्म करके और लॉजिस्टिक्स कम करते हुए यह पार्क हर साल लगभग 60,000 से 70,000 टन कार्बन उत्सर्जन कम करेगा।

पूरी तरह से विकसित होने के बाद यह पार्क देश के सबसे बड़े मेटल पार्कों में से एक होगा। इसे एल्युमीनियम पर आधारित उद्योगों के लिए एकीकृत, विश्व-स्तरीय औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र प्रदान करने के उद्देश्य से बनाया गया है। एक समर्पित डाउनस्ट्रीम पारिस्थितिकी तंत्र के रूप में यह एल्युमीनियम पार्क ओडिशा को वैश्विक एल्युमीनियम हब के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।

First Published : April 10, 2026 | 10:03 PM IST