कंपनियां

Infosys के Q4 नतीजों का इंतजार, अप्रैल में होगी बोर्ड मीटिंग, डिविडेंड पर भी फैसला संभव

22-23 अप्रैल को बोर्ड बैठक में Q4 नतीजों के साथ फाइनल डिविडेंड पर फैसला संभव, निवेशकों की नजर बड़ी घोषणा पर

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- March 18, 2026 | 8:50 AM IST

Infosys Q4 Results: आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी Infosys जल्द ही अपने चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) के नतीजे जारी करने जा रही है। कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया है कि उसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग 22 और 23 अप्रैल 2026 को होगी। इस मीटिंग में कंपनी मार्च 2026 को खत्म हुए वित्त वर्ष के चौथी तिमाही और पूरे साल के ऑडिटेड नतीजों को मंजूरी देगी। माना जा रहा है कि कंपनी 23 अप्रैल को शाम के आसपास अपने नतीजे जारी कर सकती है, जैसा कि पहले भी होता रहा है।

Infosys Q4 Results: डिविडेंड पर भी हो सकता है ऐलान

Infosys ने यह भी संकेत दिया है कि इस मीटिंग में शेयरधारकों के लिए फाइनल डिविडेंड पर भी विचार किया जा सकता है। हालांकि डिविडेंड की राशि क्या होगी, इसका फैसला मीटिंग में ही होगा।

कंपनी ने बताया कि सेबी के नियमों के तहत ट्रेडिंग विंडो 16 मार्च 2026 से बंद कर दी गई है। यह विंडो 27 अप्रैल 2026 को दोबारा खुलेगी। इस दौरान कंपनी से जुड़े लोग शेयरों की खरीद-फरोख्त नहीं कर सकते।

Infosys 23 अप्रैल को अपने नतीजों के बाद निवेशकों और विश्लेषकों के साथ कॉल भी करेगी। इसमें कंपनी अपने प्रदर्शन और आगे की रणनीति पर चर्चा करेगी।

यह पढ़ें: टाटा स्टील ने नीलाचल इस्पात के विलय और टीएसएचपी में 2 अरब डॉलर निवेश को दी मंजूरी

Infosys शेयर में गिरावट

शेयर बाजार में Infosys का प्रदर्शन हाल में कमजोर रहा है। कंपनी का शेयर 1232.50 रुपये पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से करीब 1.37 प्रतिशत कम है। पिछले एक हफ्ते में शेयर करीब 4.87 प्रतिशत गिरा है, जबकि 3 महीने में इसमें 23.07 प्रतिशत की गिरावट आई है।

अब निवेशकों की नजर 23 अप्रैल पर टिकी है। कंपनी के नतीजों और डिविडेंड के ऐलान से शेयर में आगे की दिशा तय हो सकती है।

First Published : March 18, 2026 | 8:50 AM IST