कंपनियां

Kedaara Capital ने रेलिगेयर की चेयरपर्सन को ‘ESOP’ जारी करने का किया समर्थन

डाबर ने कहा था कि कथित तौर पर बीमा नियामक इरडा और शेयर बाजार नियामक सेबी के मानदंडों का उल्लंघन किया गया है।

Published by
भाषा   
Last Updated- November 28, 2023 | 9:25 AM IST

केयर हेल्थ इंश्योरेंस के सबसे बड़े शेयरधारक केदारा कैपिटल (Kedaara Capital) ने रेलिगेयर एंटरप्राइजेज लिमिटेड (आरईएल) की चेयरपर्सन रश्मि सलूजा को कर्मचारी शेयर स्वामित्व योजना (ईएसओपी) जारी करने के निदेशक मंडल के फैसले का समर्थन किया है। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह स्पष्टीकरण आरईएल में नियंत्रक हिस्सेदारी हासिल करने की कोशिश कर रहे डाबर के बर्मन घराने के आरोपों के बीच आया है। डाबर ने कहा था कि कथित तौर पर बीमा नियामक इरडा और शेयर बाजार नियामक सेबी के मानदंडों का उल्लंघन किया गया है।

यह भी पढ़ें : वैश्विक नेतृत्व की भूमिका में उभर रहे भारतीय GCC

आरईएल केयर हेल्थ इंश्योरेंस का प्रवर्तक है और सलूजा इस बीमा कंपनी की अध्यक्ष भी हैं।

केदारा कैपिटल के प्रबंध साझेदार सुनीश शर्मा ने एक बयान में कहा, “केदारा केयर हेल्थ इंश्योरेंस का एक गौरवान्वित शेयरधारक है। अपनी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ प्रबंधन टीम के नेतृत्व में और एक मजबूत बोर्ड द्वारा निर्देशित कंपनी के पास हमेशा प्रशासन, अनुपालन और परिचालन उत्कृष्टता के उच्चतम मानक रहे हैं।”

इसमें कहा गया, “हम इसका समर्थन जारी रखने के लिए तत्पर हैं क्योंकि यह लगातार मजबूत होता जा रहा है।” बर्मन परिवार ने नियामकीय संस्थाओं से मांग की थी कि रेलिगेयर एंटरप्राइजेज की चेयरपर्स रश्मि सलूजा द्वारा शेयरों की बिक्री की जांच की जाए। लेकिन रेलिगेयर के निदेशक मंडल ने इन आरोपों को खारिज किया है।

First Published : November 28, 2023 | 9:24 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)