कंपनियां

फिनटेक सेक्टर में उतरने की तैयारी में है LIC, रणनीतिक निवेश की भी योजना : CEO आर दुरईस्वामी

दुरईस्वामी ने कहा कि बदलते दौर की जरूरतों और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए कंपनी फिनटेक तथा इंश्योरटेक कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रही है

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 31, 2026 | 3:53 PM IST

देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) अपनी बढ़ती डिजिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए वित्तीय प्रौद्योगिकी (फिनटेक) सेक्टर में उतरने की तैयारी कर रही है। कंपनी रणनीतिक निवेश के जरिये या स्वयं नई इकाई स्थापित कर फिनटेक कारोबार शुरू करने के विकल्पों पर विचार कर रही है। कंपनी के सीईओ और एमडी आर दुरईस्वामी ने यह बात कही है।

रणनीतिक निवेश के अवसर तलाश रही LIC

दुरईस्वामी ने कहा कि बदलते दौर की जरूरतों और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए कंपनी फिनटेक तथा इंश्योरटेक कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रही है। साथ ही, एलआईसी विभिन्न संस्थानों में निवेश करने वाली बड़ी वित्तीय इकाई होने के नाते ऐसे विशेष उपक्रमों में रणनीतिक निवेश की संभावनाएं भी तलाश रही है, जिससे पॉलिसीधारकों के फंड पर बेहतर यील्ड प्राप्त किया जा सके।

Also Read: 2400% का बड़ा डिविडेंड! टूथपेस्ट बनाने वाली बड़ी कंपनी का बड़ा तोहफा, रिकॉर्ड डेट इसी हफ्ते

टेक्नोलॉजी अपनाने में आगे रही LIC

उन्होंने बताया कि एलआईसी टेक्नोलॉजी इनोवेशन अपनाने वाली शुरुआती इकाइयों में रही है। कंपनी ने अपने कमर्शियल एप्लीकेशन डेवलप करने के लिए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट सेंटर स्थापित किया है, जहां बड़ी संख्या में एक्सपर्ट्स काम कर रहे हैं। हालांकि, आधुनिक टेक्नोलॉजी फ्रेमवर्क और नए डिजिटल प्लेटफॉर्मस के विकास के लिए बाहरी आईटी कंपनियों का सहयोग भी लिया जाता है।

IT सिस्टम मजूबत करने पर LIC का फोकस

दुरईस्वामी के अनुसार, एलआईसी अपने इंटरनल टेक टीम और बाहरी टेक साझेदारों, दोनों की क्षमताओं का उपयोग कर रही है। कंपनी विभिन्न विकल्पों का मूल्यांकन कर रही है और भविष्य में किसी रणनीतिक साझेदारी या नई पहल की घोषणा कर सकती है। उनका कहना है कि एलआईसी का मुख्य उद्देश्य अपनी आईटी प्रणालियों का आधुनिकीकरण करना और प्रतिस्पर्धा के बीच अधिक चुस्त एवं प्रभावी बनना है।

हिस्सेदारी बिक्री के लिए तैयार है LIC

केंद्र सरकार द्वारा भविष्य में एलआईसी में और हिस्सेदारी बेचने की संभावना पर उन्होंने कहा कि कंपनी इसके लिए पूरी तरह तैयार है। आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) की तैयारी के समय से ही ऐसी संभावित प्रक्रियाओं को ध्यान में रखा गया था। उन्होंने कहा कि हिस्सेदारी बिक्री का अंतिम निर्णय सरकार को लेना है और जब भी ऐसा होगा, एलआईसी उसके सफल क्रियान्वयन में पूरा सहयोग करेगी।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में एलआईसी का आईपीओ आया था, जिसके माध्यम से सरकार ने लगभग 21,000 करोड़ रुपये जुटाए थे और कंपनी में अपनी 3.5 फीसदी हिस्सेदारी बेची थी। इससे पहले एलआईसी पूर्ण रूप से केंद्र सरकार के स्वामित्व में थी। उन्होंने कहा कि सरकार लिस्टेड कंपनियों के लिए निर्धारित न्यूनतम सार्वजनिक हिस्सेदारी मानकों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन मौजूदा बाजार परिस्थितियों को देखते हुए उचित समय का इंतजार किया जा रहा है।

Also Read: ITR-1 से लेकर ITR-4 तक, सीनियर सिटीजन कौन सा फॉर्म चुनें और कहां मिल सकती है छूट?

बोनस शेयर और डिविडेंड से बढ़ा रिटर्न

दुरईस्वामी ने कहा कि आईपीओ के बाद एलआईसी ने शेयरधारकों को बेहतर यील्ड देने की दिशा में कई कदम उठाए हैं। हाल ही में कंपनी ने एक के बदले एक बोनस शेयर जारी करने की घोषणा की और डिविडेंड में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है। निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति शेयर 10 रुपये के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। एलआईसी ने मार्च तिमाही में 23 फीसदी की वृद्धि के साथ 23,420 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है, जो देश की किसी भी वित्तीय सेवा कंपनी द्वारा दर्ज किया गया सबसे बड़ा तिमाही मुनाफा है।

(PTI इनपुट के साथ)

First Published : May 31, 2026 | 3:49 PM IST