कंपनियां

LIC Q4FY26 Results: मुनाफा 23% बढ़कर ₹23,420 करोड़, ₹10 के डिविडेंड का ऐलान

वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी की पहले साल की प्रीमियम आय बढ़कर 12,970 करोड़ रुपये हो गई

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 21, 2026 | 7:26 PM IST

LIC Q4FY26 Results: देश की सबसे बड़ी सरकारी बीमा कंपनी, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने गुरुवार को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। Q4FY26 में कंपनी का मुनाफा 23 फीसदी बढ़कर 23,420 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी ने 19,013 करोड़ रुपये का लाभ कमाया था।

LIC की प्रीमियम आय बढ़ी

LIC ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि चौथी तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 2,53,592 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान अवधि में 2,22,805 करोड़ रुपये थी। वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी की पहले साल की प्रीमियम आय बढ़कर 12,970 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 11,069 करोड़ रुपये थी। जनवरी-मार्च तिमाही में नवीकरण प्रीमियम से आय बढ़कर 81,933 करोड़ रुपये हो गई, जबकि एक साल पहले यह 79,138 करोड़ रुपये थी।

Also Read: ITC Q4FY26 Results: मुनाफा 74% घटकर ₹5,113 करोड़ पर आया, ₹8 के डिविडेंड का ऐलान 

₹10 के डिविडेंड का ऐलान

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का नेट प्रॉफिट 19 फीसदी बढ़कर 57,419 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 48,151 करोड़ रुपये था। पूरे वित्त वर्ष के दौरान कंपनी की कुल आय बढ़कर 9,73,288 करोड़ रुपये रही, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 8,84,148 करोड़ रुपये थी।

कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर ने 2025-26 के लिए 10 रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर 10 रुपये के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। यह शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगा।

(PTI इनपुट के साथ)

First Published : May 21, 2026 | 7:26 PM IST