कंपनियां

Logistics Stocks: 40% तक मुनाफे का अनुमान, 3 लॉजिस्टिक्स शेयरों पर ब्रोकरेज का दांव, जानें टारगेट्स

आमतौर पर त्योहार खत्म होने के बाद ई कॉमर्स डिलीवरी थोड़ी कम हो जाती है, लेकिन इस बार डेल्हिवरी ने यह ट्रेंड बदल दिया है।

Published by
देवव्रत वाजपेयी   
Last Updated- April 09, 2026 | 11:03 AM IST

Logistics Stocks: लॉजिस्टिक्स सेक्टर इस समय तेजी से आगे बढ़ता दिख रहा है। पीएल कैपिटल की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सेक्टर की बड़ी कंपनियां चौथी तिमाही में अच्छा प्रदर्शन करने वाली हैं। कुल मिलाकर इन कंपनियों की कमाई करीब 19 प्रतिशत बढ़ सकती है, जबकि मुनाफा करीब 40 प्रतिशत तक बढ़ने की उम्मीद है। मतलब साफ है कि सिर्फ काम नहीं बढ़ रहा, बल्कि कंपनियां ज्यादा कमा भी रही हैं।

Delhivery ने ट्रेंड बदला, त्योहार खत्म होने के बाद भी काम कम नहीं हुआ

आमतौर पर त्योहार खत्म होने के बाद ई कॉमर्स डिलीवरी थोड़ी कम हो जाती है, लेकिन इस बार डेल्हिवरी ने यह ट्रेंड बदल दिया है। कंपनी के पार्सल वॉल्यूम करीब 293 मिलियन रहने का अनुमान है, जो पिछली तिमाही जितना ही है। यह दिखाता है कि कंपनी की पकड़ बाजार में मजबूत बनी हुई है। कंपनी की कमाई भी करीब 25 प्रतिशत बढ़कर 27,400 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। बी टू सी कारोबार में तेज ग्रोथ और पीटीएल सेगमेंट का अच्छा प्रदर्शन इसमें मदद कर रहा है। हालांकि ई कॉम एक्सप्रेस को जोड़ने में कुछ खर्च भी आएगा, लेकिन इसके बावजूद कंपनी की हालत मजबूत दिख रही है। इस शेयर पर खरीदने की सलाह दी गई है और टारगेट 526 रुपये रखा गया है।

TCI Express अब संभल रही है, धीरे धीरे ग्रोथ वापस आ रही

टीसीआई एक्सप्रेस पिछले कुछ समय से दबाव में थी, लेकिन अब हालात सुधरते दिख रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी का वॉल्यूम करीब 4.7 प्रतिशत बढ़कर 2.67 लाख टन हो सकता है। लगातार दूसरी तिमाही में ग्रोथ दिखना इस बात का संकेत है कि कंपनी पटरी पर लौट रही है। प्रति किलो कमाई लगभग 12.1 रुपये के आसपास स्थिर रह सकती है और मुनाफे का मार्जिन करीब 10 प्रतिशत रहने की उम्मीद है। इस शेयर के लिए 694 रुपये का टारगेट दिया गया है।

Mahindra Logistics stocks की कहानी सबसे अलग, घाटा घटा और मुनाफा बढ़ा

महिंद्रा लॉजिस्टिक्स इस समय सबसे ज्यादा ध्यान खींच रही है। कंपनी की कमाई करीब 13.7 प्रतिशत बढ़ सकती है, जिसमें उसके 3PL कारोबार का बड़ा योगदान है। सबसे बड़ी राहत यह है कि बी टू बी एक्सप्रेस बिजनेस में घाटा तेजी से घट रहा है। पहले यह घाटा करीब 116 करोड़ रुपये था, जो अब घटकर करीब 43 करोड़ रुपये रह सकता है। इसका सीधा असर कंपनी के मुनाफे पर पड़ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी लगातार दूसरी तिमाही में मुनाफा कमा सकती है और करीब 76 करोड़ रुपये का लाभ हो सकता है। यही वजह है कि इसे इस सेक्टर की टॉप पसंद माना गया है और टारगेट 406 रुपये रखा गया है।

यह पढ़ें: 1 साल सुस्त पड़े Adani Stocks में लौटेगी रौनक! एक्सपर्ट्स बोले – इन 3 शेयरों में दिख रहा दम

Top Logistics Stocks: मुनाफा तेजी से क्यों बढ़ रहा है

रिपोर्ट के अनुसार, कंपनियों के पास अब ज्यादा ऑर्डर आ रहे हैं और खर्च उतनी तेजी से नहीं बढ़ रहा। इससे उन्हें ऑपरेटिंग लीवरेज का फायदा मिल रहा है, यानी काम बढ़ने के साथ मुनाफा और तेजी से बढ़ रहा है। डेल्हिवरी को ज्यादा पार्सल का फायदा मिल रहा है, महिंद्रा लॉजिस्टिक्स को घाटा कम होने का और टीसीआई एक्सप्रेस को बढ़ते वॉल्यूम का।

कंपनी का नाम रेटिंग मौजूदा भाव (रुपये) टारगेट प्राइस (रुपये)
डेल्हिवरी खरीदें 442 526
महिंद्रा लॉजिस्टिक्स खरीदें 355 406
टीसीआई एक्सप्रेस खरीदें 514 694

(डिस्क्लेमर: यहां दी गई राय ब्रोकरेज की है। बिज़नेस स्टैंडर्ड इन विचारों से सहमत होना जरूरी नहीं समझता और निवेश से पहले पाठकों को अपनी समझ से फैसला करने की सलाह देता है।)

First Published : April 9, 2026 | 11:03 AM IST