कंपनियां

Mahindra Holidays उत्तराखंड में करेगी 1,000 करोड़ रुपये का निवेश, बनाएगी चार-पांच रिजॉर्ट

MHRIL ने बयान में कहा कि उसकी योजना 2030 तक अपने कमरों की संख्या 10,000 करने की है, जो फिलहाल 5,000 है

Published by
भाषा   
Last Updated- September 14, 2023 | 4:26 PM IST

आतिथ्य क्षेत्र (हॉस्पिटैलिटी सेक्टर) की कंपनी महिंद्रा होलिडेज एंड रिजॉर्ट्स (MHRIL) उत्तराखंड में अगले कुछ साल में चार-पांच रिजॉर्ट बनाएगी। कंपनी इसके लिए 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। कंपनी ने गुरुवार को बताया कि उसने उत्तराखंड सरकार के साथ इस संबंध में समझौता किया है।

कंपनी ने बयान में कहा कि उसका यह किसी राज्य में सबसे बड़ा निवेश है। उसकी योजना 2030 तक अपने कमरों की संख्या 10,000 करने की है, जो फिलहाल 5,000 है।

बयान के अनुसार, ‘ब्रांड क्लब महिंद्रा के अंतर्गत भारत की प्रमुख आतिथ्य कंपनी MHRIL ने आज उत्तराखंड में 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करने और अगले कुछ साल में चार-पांच रिजॉर्ट बनाने के लिए प्रदेश सरकार के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं।’

MHRIL ने कहा कि यह निवेश उत्तराखंड में कंपनी की पहुंच को दोगुना से अधिक कर देगा। क्लब महिंद्रा पहले से ही जिम कॉर्बेट, मसूरी, कनाताल और बिनसर में रिजॉर्ट चलाती है।

MHRIL के प्रबंध निदेशक (MD) और मुख्य कार्याधिकारी (CEO) कविंदर सिंह ने कहा, ‘हम उत्तराखंड में एक बड़ा अवसर देखते हैं, और हमारा निवेश न केवल राज्य की क्षमता में हमारे विश्वास को, बल्कि इसकी आर्थिक वृद्धि में योगदान देने की हमारी प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।’

MHRIL के भारत और दुनिया के अन्य देशों में फिलहाल 102 रिजॉर्ट हैं।

First Published : September 14, 2023 | 4:26 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)