कंपनियां

दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: टैक्सीवे पर SpiceJet और Akasa Air के विमानों के विंग टकराए

एयरलाइन ने बताया कि सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित रूप से विमान से उतार लिया गया। इस घटना में हुए नुकसान के कारण दोनों विमानों को फिलहाल ग्राउंड कर दिया गया है

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- April 16, 2026 | 6:44 PM IST

दिल्ली एयरपोर्ट पर गुरुवार की दोपहर टैक्सींग के दौरान स्पाइसजेट (SpiceJet) का एक विमान अकासा एयर (Akasa Air) के विमान से टकरा गया, जिससे दोनों विमानों को मामूली नुकसान हुआ। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट के टैक्सीवे पर अकासा एयर और स्पाइसजेट के विमानों के पंख आपस में टकरा गए। इस घटना में हुए नुकसान के कारण दोनों विमानों को फिलहाल ग्राउंड कर दिया गया है।

टैक्सींग के दौरान टक्कर

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना करीब दोपहर 2:15 बजे टर्मिनल-1 पर हुई। उस समय अकासा एयर का विमान टेक-ऑफ के लिए टैक्सी कर रहा था, जबकि स्पाइसजेट का विमान पार्किंग स्टैंड की ओर बढ़ रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि अकासा एयर का विमान दिल्ली से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट QP-1406 ऑपरेट करने वाला था, जबकि स्पाइसजेट का विमान लेह से आया था।

Also Read: Wipro Q4FY26 Results: मुनाफा 1.8% घटकर ₹3,501.8 करोड़, ₹15,000 करोड़ के शेयर बायबैक का ऐलान

सभी यात्री सुरक्षित, जांच जारी

अकासा एयर ने अपने बयान में कहा, “दिल्ली से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट QP-1406 को 16 अप्रैल 2026 को वापस बे पर लौटना पड़ा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अकासा का विमान स्थिर खड़ा था, तभी दूसरी एयरलाइन का विमान उससे टकरा गया।” घटना में शामिल विमान बोइंग 737 मैक्स 8 था।

एयरलाइन ने बताया कि सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित रूप से विमान से उतार लिया गया। बयान में कहा गया, “प्रोटोकॉल के अनुसार संबंधित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।”

विमान ग्राउंड किया गया

वहीं, स्पाइसजेट ने अपने बयान में कहा कि उसका बोइंग 737-700 विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर टैक्सींग के दौरान एक ग्राउंड घटना में शामिल हुआ, जिससे उसके दाहिने विंगलेट और दूसरी एयरलाइन के विमान के बाएं हॉरिजॉन्टल स्टेबलाइजर को नुकसान पहुंचा।

कंपनी ने बताया कि स्पाइसजेट का विमान फिलहाल दिल्ली में ग्राउंड कर दिया गया है।

(PTI इनपुट के साथ)

First Published : April 16, 2026 | 6:44 PM IST