कंपनियां

Q4 नतीजों के बाद गिरे Marksans Pharma के शेयर, क्यों हाथ खींच रहे निवेशक? जानें

Marksans Pharma shares: कंपनी के शेयरों में 12.93 प्रतिशत तक की गिरावट आई है और यह 147.45 रुपये प्रति शेयर के निचले स्तर पर पहुंच गया है।

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 30, 2024 | 4:04 PM IST

मार्कसन्स फार्मा (Marksans Pharma) की शेयर कीमतों में गिरावट आई है। कंपनी ने मार्च तिमाही (Q4FY24) के नतीजे जारी किए जो कमजोर रहे, जिसके बाद कंपनी के शेयरों में 12.93 प्रतिशत तक की गिरावट आई और यह 147.45 रुपये प्रति शेयर के निचले स्तर पर पहुंच गया।

मार्कसन्स फार्मा का मुनाफा वित्त वर्ष 24 की मार्च तिमाही में साल-दर-साल आधार पर 4.5 प्रतिशत घटकर 78.3 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 23 की मार्च तिमाही में 82 करोड़ रुपये था। हालांकि कंपनी की आय में बढ़ोतरी, नए प्रोडक्ट लॉन्च, नए ग्राहक जुड़ने और मौजूदा ग्राहकों के साथ कारोबार बढ़ने से हुई है।

मार्च तिमाही 2024 में कंपनी की आय में 15.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वित्त वर्ष 2023 की मार्च तिमाही में कंपनी की आय 486 करोड़ रुपये थी, जो वित्त वर्ष 2024 की मार्च तिमाही में बढ़कर 560 करोड़ रुपये हो गई है। कंपनी का ऑपरेशन लाभ (EBITDA) सालाना आधार पर मामूली रूप से (0.1 प्रतिशत) बढ़कर 109.6 करोड़ रुपये हो गया है।

हालांकि, मार्कसन्स फार्मा का Ebitda मार्जिन वित्त वर्ष 24 की चौथी तिमाही में घटकर 19.6 प्रतिशत हो गया है, जो वित्त वर्ष 23 की चौथी तिमाही में 22.5 प्रतिशत था। यानि कंपनी के मुनाफे में कमी आई है। कंपनी की प्रति शेयर आय (EPS) वित्त वर्ष 24 की चौथी तिमाही में 1.73 रुपये रही।

पूरे वित्त वर्ष 24 की बात करें तो, मार्कसन्स फार्मा की ऑपरेशन आय 17.6 प्रतिशत बढ़कर 2,177.4 करोड़ रुपये हो गई। वहीं सकल लाभ 22.4 प्रतिशत बढ़कर 1,139.3 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 0.6 रुपये प्रति इक्विटी शेयर का अंतिम लाभांश देने की सिफारिश की है।

मार्कसन्स फार्मा के मैनेजिंग डायरेक्टर मार्क सालदान्हा ने कहा, “हमें वित्त वर्ष 24 में राजस्व और मुनाफ दोनों के मामले में मजबूत प्रदर्शन की रिपोर्ट करने में खुशी हो रही है। इस साल हमने न केवल 2,000 करोड़ रुपये के अपने राजस्व लक्ष्य को पूरा किया है बल्कि उससे आगे निकल गए हैं। हम अपने शेयरधारकों के लिए निरंतर लॉन्ग टर्म वैल्यू डिलिवरी करने को लेकर आश्वस्त हैं, क्योंकि हम खुद को बुनियादी ढांचे, उत्पादों के मिश्रण और लॉन्ग टर्म ग्राहक संबंधों के मामले में मजबूत स्थिति में रखते हैं।”

1992 में स्थापित, मार्कसन्स फार्मा मुंबई की एक दवा कंपनी है। यह अनुसंधान और विकास (आरएंडडी) क्षमताओं को विकसित करती है, जिसमें डोजियर विकास, रासायनिक संश्लेषण, प्रक्रिया अनुकूलन, सूत्रीकरण विकास, विश्लेषणात्मक विकास और स्थिरता अध्ययन शामिल हैं।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के अनुसार, मार्कसन्स फार्मा का मार्केट कैपिटलाइजेशन 6,937.94 करोड़ रुपये है। दोपहर 1:12 बजे, मार्कसन्स फार्मा के शेयर 9.51 प्रतिशत कम 153.25 रुपये प्रति शेयर पर कारोबार कर रहे थे। इसकी तुलना में, एसएंडपी बीएसई सेंसेक्स 0.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,121.78 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

First Published : May 30, 2024 | 4:04 PM IST