कंपनियां

एमटीआई ने यूरोप में दी दस्तक, डच मोबिलिटी कंपनी ऑटोमिकल का अधिग्रहण

कंपनी की ताकत बड़े पैमाने पर बढ़ाने, सामुदायिक स्वामित्व वाले आवागमन बुनियादी ढांचा बनाने वाली कंपनी के रूप में अपनी स्थिति मजबूत करने का कदम है।

Published by
शिवानी शिंदे   
Last Updated- March 27, 2026 | 10:31 AM IST

भारत के प्रमुख ओपन मोबिलिटी मंच जैसे नम्‍मा यात्री, यात्री साथी, भारत टैक्‍सी और चेन्नई वन की निर्माता कंपनी, मूविंग टेक इनोवेशंस (एमटीआई) ने गुरुवार को परिवहन सेवाएं देने वाली नीदरलैंड की मोबिलिटी कंपनी ऑटोमिकल होल्डिंग बीवी के अधिग्रहण की घोषणा की।

भारत के सफल, शून्य कमीशन और सामुदायिक आवागमन मॉडल का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार करने के लिए है। इसके साथ ही, यह कंपनी की ताकत बड़े पैमाने पर बढ़ाने, सामुदायिक स्वामित्व वाले आवागमन बुनियादी ढांचा बनाने वाली कंपनी के रूप में अपनी स्थिति मजबूत करने का कदम है। इस सौदे के वित्तीय विवरण का खुलासा नहीं किया गया है।

मूविंग टेक इनोवेशंस के सह-संस्थापक मागिझन सेल्वन और शान एम एस ने कहा, ‘जब हमने नम्‍मा यात्री को बनाया तब हमने शहरों और वहां की जनता को पहले ध्यान में रखा। हमने यह साबित किया कि शून्य कमीशन मॉडल काम करते हैं, ड्राइवरों को सम्‍मान के साथ बेहतर कमाई होनी चाहिए, और सार्वजनिक परिवहन को सहज रूप से जोड़ा जा सकता है। ऑटोमिकल के साथ, हम इन सबक को भारत से बाहर ले जा रहे हैं। ये स्थानीय समाधान नहीं हैं बल्कि ये सार्वभौमिक सिद्धांत हैं। दुनिया भर के शहरों को एक ऐसा मोबिलिटी मॉडल चाहिए जो खुला और सामुदायिक-नेतृत्‍व वाला हो।’

शहरी आवागमन आज भी दुनियाभर के शहरों में एक असुलझी समस्‍या बनी हुई है जहां बंद प्लेटफार्म का प्रभुत्‍व है, ऊंचे कमीशन ड्राइवरों की आमदनी पर असर डालते हैं, सार्वजनिक परिवहन एकजुट नहीं होता और शहरों के पास सीमित नियंत्रण होता है।

मूविंग टेक का उद्देश्य इन चुनौतियों का समाधान करना है और इसी वजह से यह शहरों और वहा के समुदाय को सशक्‍त बनाता है। आज, यह साझा आवागमन के लिए दुनिया के सबसे बड़े खुले बुनियादी ढांचे का संचालन कर रहा है, जिसने 15 करोड़ से अधिक यात्राएं पूरी की हैं और ड्राइवरों की 2,500 करोड़ रुपये से अधिक की आय बिना कमीशन सुनिश्चित की है।

ऑटोमिकल के सह-संस्थापक जेफ हेइसे और मोहित मिश्रा ने कहा, ‘यह ऑटोमिकल के लिए एक निर्णायक क्षण है। हम यूरोपीय शहरों के साथ काफी समय से मिलकर आवागमन को आधुनिक बना रहे हैं जिसमें डिजिटल पार्किंग से लेकर एकीकृत सार्वजनिक परिवहन तक शामिल है।’

First Published : March 27, 2026 | 10:31 AM IST