कंपनियां

NTPC Q2 results: रेवेन्यू बढ़ने से नेट प्रॉफिट 38% बढ़कर 4,726 करोड़ रुपये पर पहुंचा

NTPC के निदेशक मंडल ने 10 रुपये के अंकित मूल्य वाले इक्विटी शेयर पर 2.25 रुपये प्रति शेयर की दर से अंतरिम लाभांश देने का फैसला किया है।

Published by
भाषा   
Last Updated- October 28, 2023 | 7:10 PM IST

सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली उत्पादक NTPC का चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 38 प्रतिशत बढ़कर 4,726.40 करोड़ रुपये हो गया। मुख्य रूप से राजस्व बढ़ने से कंपनी का लाभ बढ़ा है।

कुल आय बढ़कर 45,384.64 करोड़ रुपये हो गई

NTPC ने शनिवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा कि एक साल पहले समान अवधि में इसका शुद्ध लाभ 3,417.67 करोड़ रुपये था। आलोच्य तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 45,384.64 करोड़ रुपये हो गई जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 44,681.50 करोड़ रुपये थी।

इस बीच NTPC के निदेशक मंडल ने 10 रुपये के अंकित मूल्य वाले इक्विटी शेयर पर 2.25 रुपये प्रति शेयर की दर से अंतरिम लाभांश देने का फैसला किया है। चालू वित्त वर्ष के इस लाभांश का भुगतान/ प्रेषण 23 नवंबर को किया जाएगा। अप्रैल-सितंबर की अवधि में NTPC का औसत बिजली शुल्क 4.61 रुपये प्रति यूनिट था, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 4.77 रुपये प्रति यूनिट था।

Also read: BEL Q2 results: मुनाफा 33% बढ़कर 812 करोड़ रुपये, रेवेन्यू 3,993.3 करोड़ रुपये हुआ

NTPC का सकल बिजली उत्पादन बढ़कर 90.30 अरब यूनिट हो गया

दूसरी तिमाही में NTPC का सकल बिजली उत्पादन बढ़कर 90.30 अरब यूनिट हो गया जो एक साल पहले की समान अवधि में 85.48 अरब यूनिट था। सितंबर के अंत तक NTPC की स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता 73,824 मेगावाट थी।

कोयला आधारित ताप विद्युत संयंत्रों का क्षमता उपयोग एक साल पहले के 74.08 प्रतिशत से बढ़कर बीती तिमाही में 75.83 प्रतिशत हो गया। दूसरी तिमाही में घरेलू कोयले की आपूर्ति 4.87 करोड़ टन से बढ़कर 5.41 करोड़ टन हो गई। वहीं आयातित कोयले की आपूर्ति 12.5 लाख टन रही, जो एक साल पहले 55 लाख टन थी।

First Published : October 28, 2023 | 7:10 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)