कंपनियां

OYO को FY24 की दूसरी तिमाही में पहली बार हो सकता है मुनाफा: रिपोर्ट

OYO के सीईओ ने कहा कि कंपनी ने अपना घाटा भी कम करके 1,286 करोड़ रुपये (वित्त वर्ष 2022-23) कर लिया है।

Published by
भाषा   
Last Updated- September 26, 2023 | 2:02 PM IST

यात्रा प्रौद्योगिकी ब्रांड ओयो का परिचालन करने वाली ऑरैवल स्टेज को पहली बार सितंबर में समाप्त होने वाली तिमाही में 16 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाने की उम्मीद है। सूत्रों ने बताया कि ओयो के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितेश अग्रवाल (OYO CEO Ritesh Agarwal) द्वारा कंपनी के शीर्ष प्रबंधन को मंगलवार को भेजे गए ई-मेल में यह बात कही गई है।

अग्रवाल ने कहा है कि यह साल ओयो का दसवां वर्ष है, जो इसे महत्वपूर्ण और विशेष बनाता है। ‘‘मेरे पास इस अवसर पर साझा करने के लिए समाचार है। अबतक के रुझान से पता चलता है कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी पहली बार मुनाफा कमाने जा रही है। तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 16 करोड़ रुपये से अधिक रहने का अनुमान है।’’

यह भी पढ़ें : ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों पर सरकार ने कसा शिकंजा, फर्मों को 55 हजार करोड़ रुपये के टैक्स नोटिस भेजे गए

भविष्य की वृद्धि संभावनाओं के बारे में अग्रवाल ने कहा, ‘‘हम अमेरिका और ब्रिटेन जैसे भविष्य के विकास बाजारों में अपार संभावनाएं देखते हैं। इन बाजारों में हम अपने संरक्षकों में नवोन्मेषी प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करने का भरोसा पैदा कर रहे हैं। इनमें संपर्क रहित चेक-इन प्रौद्योगिकी शामिल है।’’ उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में जारी वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी की परिचालन आय 5,463 करोड़ रुपये रही है, जो वित्त वर्ष 2021-22 में 4,781 करोड़ रुपये थी।

इस तरह कंपनी की परिचालन आय लगभग 14 प्रतिशत बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कंपनी अपना घाटा भी कम करके 1,286 करोड़ रुपये (वित्त वर्ष 2022-23) कर लिया है। हमारा समायोजित सकल लाभ मार्जिन बढ़कर राजस्व का 43 प्रतिशत हो गया है और समायोजित सकल लाभ वित्त वर्ष 2021-22 के 1,915 करोड़ रुपये से 23 प्रतिशत बढ़कर 2022-23 में 2,347 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।

ओयो के संस्थापक और सीईओ ने ईमेल में कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2022-13 में हमारी परिचालन आय 5,463 करोड़ रुपये रही है जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 4,781 करोड़ रुपये थी।’’

First Published : September 26, 2023 | 12:36 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)