कंपनियां

Patanjali Foods Q2 results : कंपनी का नेट प्रॉफिट दोगुना होकर 254.53 करोड़ रुपये पर पहुंचा

कंपनी ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को महाकोश तथा सनरिच का ब्रांड एम्बैसडर बनाने की घोषणा भी की।

Published by
भाषा   
Last Updated- November 09, 2023 | 5:51 PM IST

Patanjali Foods Q2 results : पतंजलि फूड्स लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष (2023-24) की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही का शुद्ध लाभ दोगुना होकर 254.53 करोड़ रुपये रहा है। पतंजलि फूड्स लिमिटेड ने शेयर बाजार को यह जानकारी दी। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 112.28 करोड़ रुपये रहा था।

कंपनी की कुल आय घटकर 7,845.79 करोड़ रुपये रह गई

जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी की कुल आय घटकर 7,845.79 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 8,524.67 करोड़ रुपये थी। समीक्षाधीन अवधि में कंपनी का कुल खर्च भी 8,371.03 करोड़ रुपये से घटकर 7,510.71 करोड़ रुपये रह गए।

Also read: Oil India Q2 Results: दूसरी तिमाही में नेट प्रॉफिट 81% फिसलकर 325 करोड़ रुपये पर

महेंद्र सिंह धोनी को सनरिच का ब्रांड एम्बैसडर बनाने की घोषणा की

कंपनी ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को महाकोश तथा सनरिच का ब्रांड एम्बैसडर बनाने की घोषणा भी की। बयान के अनुसार, धोनी का साथ कंपनी के खाद्य तेल खंड को मजबूत करेगा।

वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में खाद्य एवं एफएमसीजी खंड ने 2,487.62 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया। पतंजलि फूड्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संजीव अस्थाना ने कहा कि चुनौतीपूर्ण माहौल के बावजूद वित्त वर्ष की पहली छमाही सकारात्मक रुख पर समाप्त हुई।

First Published : November 9, 2023 | 5:51 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)