कंपनियां

PNB Q4 result: 14% बढ़ा मुनाफा, ₹3 डिविडेंड का ऐलान… PNB के नतीजों में क्या है खास?

PNB ने मार्च तिमाही में 14.4 प्रतिशत मुनाफा बढ़ाकर 5,225 करोड़ रुपये किया, बैड लोन में सुधार दिखा और ₹3 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान किया

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 05, 2026 | 2:45 PM IST

सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक यानी PNB ने मार्च 2026 तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। इस दौरान बैंक का मुनाफा बढ़ा है, लेकिन कुल आय में हल्की गिरावट देखने को मिली है। बैंक का शुद्ध लाभ यानी नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 14.4 प्रतिशत बढ़कर 5,225 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में बैंक ने 4,567 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। बैंक का कहना है कि मुनाफा बढ़ने की बड़ी वजह ब्याज से होने वाली आय में इजाफा है।

हालांकि, बैंक की कुल आय थोड़ी कम हुई है। मार्च तिमाही में यह घटकर 36,319 करोड़ रुपये रह गई, जो एक साल पहले 36,705 करोड़ रुपये थी।

ब्याज से कमाई बढ़ी

अगर सिर्फ ब्याज से होने वाली कमाई की बात करें, तो इसमें बढ़ोतरी हुई है। मार्च तिमाही में बैंक की ब्याज आय बढ़कर 32,157 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल इसी अवधि में 31,989 करोड़ रुपये थी।

बैड लोन में सुधार

बैंक की एसेट क्वालिटी यानी बैड लोन की स्थिति में भी सुधार देखने को मिला है। ग्रॉस एनपीए यानी कुल बैड लोन का अनुपात घटकर 2.95 प्रतिशत रह गया है, जो एक साल पहले 3.95 प्रतिशत था। वहीं नेट एनपीए भी कम होकर 0.29 प्रतिशत रह गया है, जो पहले 0.4 प्रतिशत था। इसका मतलब है कि बैंक ने अपने बैड लोन को काफी हद तक कंट्रोल किया है।

शेयरधारकों को मिलेगा डिविडेंड

PNB के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 3 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड देने की सिफारिश की है। हालांकि, इसे अंतिम मंजूरी बैंक की सालाना आम बैठक में शेयरधारकों से मिलेगी। (PTI के इनपुट के साथ)

First Published : May 5, 2026 | 2:35 PM IST