कंपनियां

Q4 Results: ITC का शुद्ध लाभ बढ़ा, जानें नायिका, मैक्स हेल्थकेयर समेत अन्य कंपनियों का कैसा रहा रिजल्ट

सिगरेट से लेकर साबुन सहित कई कारोबारों में सक्रिय कंपनी आईटीसी ने जनवरी-मार्च तिमाही में अपने संचालन से जुड़े शुद्ध लाभ में 6.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है

Published by
बीएस संवाददाता   
भाषा   
Last Updated- May 22, 2026 | 12:05 AM IST

सिगरेट से लेकर साबुन सहित कई कारोबारों में सक्रिय कंपनी आईटीसी ने जनवरी-मार्च तिमाही में अपने संचालन से जुड़े शुद्ध लाभ में 6.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। इस तिमाही में समायोजित शुद्ध लाभ 5,469.74 करोड़ रुपये रहा जिसे सिगरेट, गैर-तंबाकू उपभोग वस्तुओं और कागज से जुड़े कारोबार से मदद मिली। पिछले वर्ष की समान अवधि में शुद्ध लाभ 5,155.27 करोड़ रुपये से अधिक रहा है।

हालांकि, चौथी तिमाही में आईटीसी का कुल शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 72.7 प्रतिशत घटकर 5,387.97 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की इसी तिमाही में यह 19,727.37 करोड़ रुपये था जिसमें होटल कारोबार के अलग होने से 15,145.18 करोड़ रुपये की अपवाद स्वरूप एक बार की विशेष लाभ राशि शामिल थी। होटल कारोबार को अलग करने की प्रक्रिया 1 जनवरी 2025 से लागू हुई।

कंपनी का कुल सकल राजस्व इस तिमाही में 23,821.48 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना 16.9 प्रतिशत अधिक है। लेकिन, कंपनी ने कहा कि सिगरेट पर कर ढांचे में 1 फरवरी से हुए बड़े बदलाव के कारण तिमाही और पूरे वर्ष के सकल राजस्व और उत्पाद शुल्क की तुलना पिछले वर्ष से सीधे तौर पर नहीं की जा सकती। उत्पाद शुल्क घटाने के बाद शुद्ध राजस्व 17,825 करोड़ रुपये रहा जो सालाना आधार पर 5 प्रतिशत कम है।

नायिका के मुनाफे में 300 फीसदी की उछाल

ब्यूटी रिटेलर नायिका की मूल कंपनी एफएसएन ई-कॉमर्स वेंचर्स ने मार्च में खत्म चौथी तिमाही में 79 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है जो पिछले साल की इसी अवधि के 19 करोड़ रुपये से चार गुना से अधिक है। इस दौरान परिचालन राजस्व 2,062 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,648 करोड़ रुपये हो गया जो 28.4 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।

पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का संचयी राजस्व 1 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गया वहीं तिमाही-दर-तिमाही आधार पर शुद्ध लाभ 16.25 प्रतिशत बढ़ा। कंपनी की कार्यकारी अध्यक्ष, संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी फाल्गुनी नायर ने एक बयान में कहा, ‘1 अरब डॉलर के राजस्व जैसे अहम स्तर को मुनाफा और पूंजी दक्षता के ट्रैक रिकॉर्ड के साथ पार करना वास्तव में नायिका की 14 साल की यात्रा में एक निर्णायक क्षण है और यह हम पर उपभोक्ताओं के विश्वास को दर्शाता है।’

इस तिमाही में कंपनी का खर्च भी पिछले साल की तुलना में लगभग 25 प्रतिशत बढ़कर 2,536 करोड़ रुपये हो गया। चौथी तिमाही में एबिटा 67 प्रतिशत बढ़कर 223 करोड़ रुपये हो गया, जिससे मार्जिन 6.5 प्रतिशत से बढ़कर 8.4 प्रतिशत हो गया।

कंपनी पर पश्चिम एशिया संकट के प्रभाव पर कंपनी का कहना था कि नायिका को मौजूदा भू-राजनीतिक परिदृश्य का अंदाजा है। इस संकट के कारण ही नायिका का जीसीसी (खाड़ी सहयोग परिषद) से जुड़ा संचालन प्रभावित हुआ।

मैक्स हेल्थकेयर का मुनाफा 7.2 फीसदी बढ़ा

वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में मैक्स हेल्थकेयर का कर बाद लाभ (पीएटी) एक साल पहले की तुलना में 7.2 प्रतिशत बढ़ गया, जबकि नियामकीय कार्रवाई और विस्तार से जुड़े खर्चों के कारण मार्जिन में कमी आई है।

दिल्ली की इस हॉस्पिटल चेन ने चौथी तिमाही में 342 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 319 करोड़ रुपये था। कंपनी का परिचालन से राजस्व 2,143 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही में 1,909 करोड़ रुपये के मुकाबले 12 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी ने पहले बताया था कि नई दिल्ली में उसके तीन भागीदार अस्पताल – मैक्स बालाजी हॉस्पिटल, मैक्स स्मार्ट सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और मैक्स साकेत सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल समेकित वित्तीय विवरणों में शामिल नहीं हैं। कंपनी के इन्वेस्टर प्रेजेंटेशन के अनुसार अगर तीनों अस्पतालों को भी शामिल किया जाए तो समूह का राजस्व 2,563 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 387 करोड़ रुपये होगा।

एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स का मुनाफा 8.2 फीसदी घटा

एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया का शुद्ध लाभ चौथी तिमाही में 8.2 फीसदी घट गया। इसकी वजह मार्जिन पर पड़ा दबाव था, क्योंकि रुपये के अवमूल्यन और कमोडिटी की बढ़ी हुई कीमतों के कारण परिचालन मार्जिन पर दबाव बना हुआ था। मजबूत प्रदर्शन के कारण, जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी की शुद्ध बिक्री 8.1 प्रतिशत बढ़कर 8,054 करोड़ रुपये हो गई।

जेएसडब्ल्यू सीमेंट का शुद्ध लाभ कई गुना बढ़ा

जेएसडब्ल्यू सीमेंट का वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ कई गुना की वृद्धि के साथ 361.65 करोड़ रुपये रहा। जेएसडब्ल्यू सीमेंट ने गुरुवार को शेयर बाजार को यह जानकारी दी। कंपनी ने 2025 की समान तिमाही में 16.21 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया था। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की एकीकृत परिचालन आय बढ़कर 1,894.99 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025 की समान तिमाही में 1,709.39 करोड़ रुपये थी। चौथी तिमाही के दौरान कुल खर्च बढ़कर 1,702.3 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले यह 1,661.85 करोड़ रुपये था।  कंपनी ने कहा कि जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान उसकी कुल बिक्री मात्रा सात प्रतिशत बढ़कर 39.9 लाख टन हो गई। इसमें सीमेंट की बिक्री मात्रा 12 प्रतिशत बढ़कर 23.5 लाख टन रही, जो वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में 21 लाख टन थी।

कंपनी के निदेशक मंडल ने 31 मार्च, 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए 10 रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर 50 पैसे के लाभांश की सिफारिश की है। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी को 798.78 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध घाटा हुआ, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह घाटा 163.76 करोड़ रुपये था।

First Published : May 22, 2026 | 12:05 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)