कंपनियां

Reliance Retail में 8,278 करोड़ रुपये का निवेश करेगी कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी

कंपनी ने कहा, ‘इस निवेश से QIA को RRVL में 0.99 प्रतिशत की अल्पांश इक्विटी हिस्सेदारी हासिल होगी

Published by
भाषा   
Last Updated- August 23, 2023 | 5:35 PM IST

रिलायंस इंडस्ट्रीज की खुदरा इकाई रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (RRVL) में कतर का सरकारी निवेश फंड QIA अपनी पूर्ण-स्वामित्व वाली अनुषंगी के जरिये 8,278 करोड़ रुपये का निवेश करेगा।

रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बुधवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा कि RRVL में कतर निवेश प्राधिकरण (QIA) के इस निवेश का मूल्य 8,278 करोड़ रुपये है।

QIA को मिलेगी 0.99 प्रतिशत हिस्सेदारी, RRVL के हैं 18,500 से भी ज्यादा स्टोर
कंपनी ने कहा, ‘इस निवेश से QIA को RRVL में 0.99 प्रतिशत की अल्पांश इक्विटी हिस्सेदारी हासिल होगी।’

RRVL अपनी कई अनुषंगियों एवं सहयोगी कंपनियों के जरिये भारत का सबसे बड़ा खुदरा कारोबार संचालित करती है। इसके देश भर में 18,500 से भी अधिक स्टोर हैं।

RRVL की निदेशक ईशा अंबानी ने कहा, ‘हम रिलायंस रिटेल वेंचर्स में एक निवेशक के तौर पर QIA का स्वागत करते हैं। हम RRVL को एक विश्वस्तरीय संस्थान बनाने के क्रम में QIA के वैश्विक अनुभव औऱ मूल्य सृजन में उसके मजबूत रिकॉर्ड से लाभान्वित होना चाहते हैं।’

क्या कहा कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी के CEO ने?
इस मौके पर QIA के मुख्य कार्याधिकारी (CEO) मंसूर इब्राहिम अल-महमूद ने कहा, ‘QIA भारत के तेजी से बढ़ते खुदरा बाजार में उच्च वृद्धि संभावनाओं वाली नवाचारी कंपनियों को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है।’

अपने विस्तार के क्रम में RRVL ने वर्ष 2020 में वैश्विक निजी इक्विटी फंडों से 10.09 प्रतिशत हिस्सेदारी के बदले में 47,265 करोड़ रुपये जुटाए थे।

First Published : August 23, 2023 | 5:35 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)