कंपनियां

Gift City में सब्सिडियरी कंपनी स्थापित करेगी REC लिमिटेड, RBI से मिली मंजूरी

प्रस्तावित अनुषंगी कंपनी गिफ्ट सिटी के भीतर एक वित्त कंपनी के तौर पर कर्ज देने, निवेश समेत कई वित्तीय गतिविधियों में संलग्न होगी।

Published by
भाषा   
Last Updated- May 05, 2024 | 7:43 PM IST

सार्वजनिक क्षेत्र की आरईसी लिमिटेड (REC Limited) को गुजरात के गिफ्ट सिटी (Gift City) में एक अनुषंगी कंपनी स्थापित करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBi) की मंजूरी मिल गई है।

कंपनी ने रविवार को बयान में कहा कि प्रस्तावित अनुषंगी कंपनी गिफ्ट सिटी के भीतर एक वित्त कंपनी के तौर पर कर्ज देने, निवेश समेत कई वित्तीय गतिविधियों में संलग्न होगी।

बयान के अनुसार, विद्युत मंत्रालय के अधीन और अग्रणी गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) आरईसी लिमिटेड को गांधीनगर में गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) में एक अनुषंगी कंपनी स्थापित करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से ‘अनापत्ति प्रमाणपत्र’ (एनओसी) प्राप्त हुआ है।

कंपनी ने कहा कि भारत में वित्तीय सेवाओं के लिए उभरते केंद्र गिफ्ट सिटी में परिचालन का विस्तार करने का निर्णय तब लिया गया है जब आरईसी अपने पोर्टफोलियो में विविधता ला रही है और वृद्धि के नए रास्ते खोल रही है।

आरईसी लिमिटेड के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) विवेक कुमार देवांगन ने कहा, “गिफ्ट सिटी मंच विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के साथ अंतरराष्ट्रीय ऋण गतिविधियों के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करता है। हमें विश्वास है कि आरईसी वैश्विक बाजार में अपने लिए जगह बनाने के लिए इन लाभों का उपयोग करेगी।”

First Published : May 5, 2024 | 7:43 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)