कंपनियां

त्योहारी सीजन में ऑनलाइन सेल 90,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद: Redseer

मार्केट रिसर्च फर्म रेडसीर स्ट्रैटेजी कंसल्टेंट्स के अनुसार, आगामी त्योहारी सीजन संभावित रूप से मार्जिन के मामले में अब तक का सबसे सफल सीजन हो सकता है।

Published by
भाषा   
Last Updated- September 15, 2023 | 1:15 PM IST

आगामी त्योहारी सीजन के दौरान ऑनलाइन बिक्री में सालाना आधार पर 18-20 प्रतिशत की ग्रोथ होने के साथ ही इसके 90,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। एक रिपोर्ट में यह बात कही गई।

मार्केट रिसर्च फर्म रेडसीर स्ट्रैटेजी कंसल्टेंट्स के अनुसार, आगामी त्योहारी सीजन संभावित रूप से मार्जिन के मामले में अब तक का सबसे सफल सीजन हो सकता है। रेडसीर ने कहा, ‘‘ हमारा अनुमान है कि भारत ईटेलिंग के 2023 त्योहारी महीने का जीएमवी (सकल व्यापारिक मूल्य) करीब 90,000 करोड़ रुपये रहेगा जो पिछले साल के त्योहारी महीने की बिक्री से 18-20 प्रतिशत अधिक है।’’

यह भी पढ़ें : Xiaomi की सप्लायर कंपनी खोलेगी भारत में प्लांट, सस्ते 5G फोन का बढ़ेगा प्रोडक्शन

कंपनी के अनुसार, ऑनलाइन खरीदारी करने वाले करीब 14 करोड़ लोगों के इस त्योहारी महीने के दौरान कम से कम एक बार ऑनलाइन खरीदारी करने की उम्मीद है। ऑनलाइन खरीदारों की संख्या में वृद्धि तथा तीन साल की ‘‘चुनौतीपूर्ण’’ अवधि के बाद अर्थव्यवस्था के पटरी पर लौटने से इस साल त्योहारी मौसम में ई-कॉमर्स बिक्री के बढ़ने की उम्मीद है।

बयान के अनुसार, 2014 में पूरे वर्ष ई-कॉमर्स का सकल व्यापारिक मूल्य (जीएमवी) उद्योग 27,000 करोड़ रुपये था और 2023 में इसके करीब 5.25 लाख करोड़ रुपये रहने की उम्मीद है। रेडसीर स्ट्रैटेजी कंसल्टेंट्स के साझेदार मृगांक गुटगुटिया ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक सामान त्योहार के समय अधिक बिकते हैं, पिछले कई वर्षों में त्योहारी बिक्री की तुलना से श्रेणी में विविधीकरण प्रवृत्ति स्पष्ट दिखती है।

उन्होंने कहा, ‘‘ इसके जारी रहने से हम इस त्योहारी अवधि में फैशन, सौंदर्य व व्यक्तिगत देखभाल, घरेलू तथा सामान्य माल और अन्य गैर-इलेक्ट्रॉनिक्स श्रेणियों से जीएमवी योगदान में वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं।’’

यह भी पढ़ें : Amazon से करते हैं कैश ऑन डिलीवरी पर शॉपिंग, जरूर पढ़ें ये खबर वरना हो सकती है दिक्कत

First Published : September 15, 2023 | 12:36 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)