कंपनियां

Reliance Capital Q2 results: दिवाला कार्यवाही का सामना कर रही कंपनी को हुआ 239 करोड़ रुपये का नेट घाटा

एकल आधार पर कंपनी का घाटा बढ़कर 442 करोड़ रुपये हो गया, जो सितंबर, 2022 की तिमाही में 26 करोड़ रुपये था।

Published by
भाषा   
Last Updated- November 08, 2023 | 5:51 PM IST

Reliance Capital Q2 results: रिलायंस कैपिटल को चालू वित्त वर्ष की दूसरी सितंबर में समाप्त तिमाही में 239 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध घाटा हुआ है। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी। कंपनी ने बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 215 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया था।

कुल आय बढ़कर 6,393 करोड़ रुपये रही

रिलायंस कैपिटल ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 6,393 करोड़ रुपये रही, जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 5,796 करोड़ रुपये थी। कंपनी का आलोच्य तिमाही में कुल खर्च बढ़कर 6,679 करोड़ रुपये हो गया, जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में 5,756 करोड़ रुपये था।

Also read: Dabur India के पास 7,000 करोड़ रुपये की नकदी, अधिग्रहण की तलाश रही संभावना

दिवाला कार्यवाही का सामना कर रही रिलायंस कैपिटल

एकल आधार पर कंपनी का घाटा बढ़कर 442 करोड़ रुपये हो गया, जो सितंबर, 2022 की तिमाही में 26 करोड़ रुपये था। कंपनी 29 नवंबर, 2021 से दिवाला कार्यवाही का सामना कर रही है। उस समय भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने भुगतान चूक और गंभीर प्रशासनिक मुद्दों को लेकर कंपनी के निदेशक मंडल को भंग कर दिया था।

रिजर्व बैंक ने कंपनी की कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया के तहत नागेश्वर राव वाई को प्रशासक नियुक्त किया था। रिलायंस कैपिटल तीसरी सबसे बड़ी गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) है, जिसके खिलाफ केंद्रीय बैंक ने दिवाला कार्यवाही शुरू की है।

First Published : November 8, 2023 | 5:51 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)