रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 24 की दिसंबर तिमाही (FY24Q3) के रिजल्ट्स जारी कर दिए हैं। एक्सचेंजों को दी गई जानकारी में अरबपति उद्योगपति मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बताया कि उसने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 9.3 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 17,265 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 23 की तीसरी तिमाही (FY23Q3) में यानी एक साल पहले की समान अवधि में 15,792 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड प्रॉफिट दर्ज किया था।
31 दिसंबर को समाप्त तिमाही में कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू सालाना आधार पर (YoY) 3.6 फीसदी बढ़कर 2,27,970 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 2,20,165करोड़ रुपये रहा था। तिमाही आधार पर देखा जाए तो कंपनी ने सितंबर तिमाही (FY23Q3) में 2,34,956 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया था।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में 2,31,839 करोड़ रुपये की टोटल इनकम दर्ज की।पिछले साल की समान अवधि में कंपनी ने 2,23,311 करोड़ रुपये की टोटल इनकम दर्ज की थी। हालांकि तिमाही आधार पर (QoQ) कंपनी की टोटल इनकम में कमी आई है। इसने सितंबर तिमाही में 2,38,797 करोड़ रुपये की कुल आय दर्ज की थी।
कंपनी का कुल खर्च सालाना आधार पर बढ़कर 2,06,006 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की समान अवधि में यह 2,00,540 करोड़ रुपये रहा था। हालांकि पिछली तिमाही में कुल खर्च भी ज्यादा था। कंपनी ने वित्त वर्ष 24 की दूसरी तिमाही में 2,12,304 करोड़ रुपये का कुल खर्च दर्ज किया था।
कंपनी का नेट प्रॉफिट मार्जिन बढ़कर 7.9 फीसदी हो गया है। पिछली साल की समान तिमाही में यह 7.4 फीसदी रहा था, जबकि FY24Q2 में यह 7.8 फीसदी रहा था।
Reliance ने एक बयान में कहा, कंपनी की ऑयल-टु-केमिकल यूनिट से रेवेन्यू 2.4 फीसदी गिर गया, जिसकी मुख्य वजह कम कीमत वसूली है। कंपनी की जामनगर रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स में यूनिट्स के योजनाबद्ध रखरखाव और निरीक्षण बंद होने से यील्ड और प्रॉफिटेबिलिटी पर असर पड़ा।
आज Reliance Industries के साथ ही साथ इसकी सब्सिडियरी टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो इन्फोकॉम का भी रिजल्ट जारी हुआ। हालांकि कंपनी के शेयरों में खास बढ़त देखने को नहीं मिली। NSE पर कंपनी का शेयर 0.02 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 2,736.45 रुपये पर बंद हुए। BSE पर भी इसके शेयर 0.01 फीसदी की ही बढ़त बना सके और 2735.05 के लेवल पर बंद हुए।