कंपनियां

रिलायंस पावर ने चुकता किया 800 करोड़ का लोन, बन गई एकल आधार पर ऋण-मुक्त कंपनी

रिलायंस पावर के पास 38 लाख से अधिक खुदरा निवेशकों की भागीदारी के साथ 4,016 करोड़ रुपये का शेयर आधार है।

Published by
भाषा   
Last Updated- June 10, 2024 | 5:40 PM IST

रिलायंस पावर ने ऋणदाताओं का सारा बकाया कर्ज चुका दिया है और अब वह एकल आधार पर कर्ज-मुक्त कंपनी बन गई है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक, कंपनी पर करीब 800 करोड़ रुपये का बकाया कर्ज था जिसे बैंकों को चुका दिया गया है।

रिलायंस पावर ने दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच आईडीबीआई बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और डीबीएस सहित विभिन्न बैंकों के साथ कई ऋण निपटान समझौतों पर हस्ताक्षर किए। सूत्रों ने बताया कि कंपनी ने अब इन बैंकों का पूरा कर्ज चुका दिया है।

दिसंबर 2023 में रिलायंस पावर ने अरुणाचल प्रदेश में प्रस्तावित 1,200 मेगावाट की जलविद्युत परियोजना के विकास अधिकार टीएचडीसी को 128 करोड़ रुपये में बेचे। मार्च 2024 में कंपनी ने महाराष्ट्र के वाशपेट में अपनी 45 मेगावाट की पवन ऊर्जा परियोजना को 132 करोड़ रुपये में जेएसडब्ल्यू रिन्यूएबल एनर्जी को बेच दिया। इन परियोजनाओं की बिक्री से मिली राशि का उपयोग कंपनी ने अपना कर्ज चुकाने में किया है।

Also read: इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश 34,697 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर, SIP जीत रहा निवेशकों का दिल

रिलायंस पावर के पास 38 लाख से अधिक खुदरा निवेशकों की भागीदारी के साथ 4,016 करोड़ रुपये का शेयर आधार है। रिलायंस पावर की परिचालन क्षमता 5900 मेगावाट है, जिसमें 3960 मेगावाट का सासन अल्ट्रा मेगा पावर प्रोजेक्ट (यूएमपीपी) और उत्तर प्रदेश में 1200 मेगावाट का रोजा ताप-विद्युत संयंत्र शामिल है। सासन यूएमपीपी दुनिया के सबसे बड़े एकीकृत कोयला-आधारित बिजली संयंत्रों में से एक है।

First Published : June 10, 2024 | 5:40 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)