कंपनियां

SIG गुजरात प्लांट में 10 करोड़ यूरो का करेगी निवेश, भारत टॉप 10 बाजार में से एक

SIG ने बुधवार को भारत में अपने पहले एसेप्टिक कार्टन प्लांट की नींव रखी।

Published by
भाषा   
Last Updated- September 28, 2023 | 4:37 PM IST

अग्रणी पैकेजिंग समाधान प्रदाता SIG को उम्मीद है कि भारत उसके वैश्विक स्तर पर टॉप 10 बाजारों में से एक होगा। कंपनी यहां अपना पहला प्लांट स्थापित करने के लिए करीब 10 करोड़ यूरो (878.8 करोड़ रुपये) का निवेश कर रही है। SIG ने 2018 में भारतीय बाजार में प्रवेश किया था।

भारत SIG के टॉप 10 बाजारों में शामिल

कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) सैमुअल सिग्रिस्ट ने बुधवार को कहा कि हमने भारत में ‘‘अभूतपूर्व वृद्धि’’ देखी है और उम्मीद है कि यह ‘‘आगे बढ़ने में हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।’’ उन्होंने कहा कि भारत में पेय पदार्थ उद्योग की वृद्धि के साथ-साथ बढ़ती अर्थव्यवस्था, लोगों की आय तथा डिब्बाबंद भोजन की खपत जैसे कारकों से कंपनी ने बेहतर प्रदर्शन किया है।

यह पूछे जाने पर कि क्या भारत मध्यावधि (लगभग पांच वर्षों) में उसके टॉप 10 बाजारों में शामिल होगा, सिग्रिस्ट ने कहा, ‘‘ आसानी से..।’’ उन्होंने कहा, ‘‘…हम नए हैं और यहां वृद्धि के अवसर अद्भुत हैं। समय के साथ, भारत एक बेहद बड़ा बाजार मूल्य समूह बन जाएगा। हम इसको लेकर बहुत उत्साहित हैं।’’

SIG ने भारत में अपने पहले एसेप्टिक कार्टन प्लांट की नींव रखी

SIG ने बुधवार को भारत में अपने पहले एसेप्टिक कार्टन प्लांट की नींव रखी। कंपनी पहले चरण में मशीनरी के रूप में पूंजीगत व्यय पर छह करोड़ यूरो (लगभग 525.98 करोड़ रुपये) और भूमि तथा भवन के लिए पट्टा समझौते पर करीब चार करोड़ यूरो (351.36 करोड़ रुपये) का निवेश कर रही है।

उन्होंने कहा कि वह पहले चरण में SIG अपने एसेप्टिक कार्टन के निर्माण के लिए आयातित सामग्रियों का इस्तेमाल करेगी। दूसरे चरण में वह स्थानीय स्तर पर कच्चा माल जुटाएगी।

First Published : September 28, 2023 | 4:37 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)