सुजूकी मोटरसाइकल इंडिया के उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) दीपक मुतरेजा
वित्त वर्ष 27 में सुजूकी मोटरसाइकिल इंडिया की घरेलू दोपहिया बिक्री वृद्धि पहले के 7 से 8 प्रतिशत के अनुमान से कम रहने के आसार हैं। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कमोडिटी की बढ़ती लागतों की वजह से प्रमुख मांग को झटका लगा है। सुजूकी मोटरसाइकल इंडिया के उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) दीपक मुतरेजा ने आज यह आशंका जताई।
सुजूकी ने वित्त वर्ष 26 के दौरान घरेलू बिक्री में 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की और यह बढ़कर 11.74 लाख हो गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 10.45 लाख थी। यह बढ़ोतरी मांग में आए सुधार को दर्शाती है, जो मुख्य रूप से वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में मिली नीतिगत सहायता से प्रेरित थी। अलबत्ता व्यापक आर्थिक माहौल अब अस्थिर हो गया है।
इजरायल और अमेरिका ने 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था, जिससे पश्चिम एशिया में नया संघर्ष शुरू हो गया। इसके जवाब में ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट बंद कर दिया, जो वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति का प्रमुख मार्ग है। इससे ईंधन और कमोडिटी की कीमतें बढ़ गईं और दुनिया भर में महंगाई का दबाव भी।
कंपनी के नए बर्गमैन स्ट्रीट स्कूटर की लॉन्चिंग के बाद बिज़नेस स्टैंडर्ड के साथ बातचीत मुतरेजा ने कहा कि उनकी कंपनी ने साल 2026 की शुरुआत में वित्त वर्ष 27 के लिए 7 से 8 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया था, लेकिन अब वह अधिक सतर्क रुख अपना रही है। उन्होंने कहा कि हालांकि मांग की आधारभूत चीजें अब भी मजबूत हैं, लेकिन बाहरी बाधाओं के कारण कोई निश्चित दृष्टिकोण बताना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने कहा, ‘वृद्धि की रफ्तार जारी रहनी चाहिए, लेकिन हम वैश्विक रुकावटों से अछूते नहीं हैं।’ उन्होंने कहा कि आपूर्ति श्रृंखलाएं और इनपुट लागतें बढ़ती ईंधन कीमतों के प्रति तेजी से संवेदनशील हो रही हैं। उन्होंने कहा, हमने पहले 7 से 8 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान लगाया था, लेकिन यह कम हो सकता है। हमें तिमाही दर-तिमाही स्थिति का आकलन करना होगा।’