कंपनियां

नोएडा में बनेगा ताज ब्रांड होटल और लक्जरी आवास, गुलशन ग्रुप का ₹1,000 करोड़ निवेश

कपूर ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया कि यह परियोजना वर्तमान में लगभग 35 करोड़ रुपये प्रति अपार्टमेंट की दर पर बिक रही है।

Published by
संकेत कौल   
अक्षरा श्रीवास्तव   
Last Updated- March 18, 2026 | 10:10 PM IST

रियल एस्टेट क्षेत्र के दिग्गज गुलशन ग्रुप ने आज इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) के साथ मिलकर नोएडा में 1,000 करोड़ रुपये के निवेश से ताज-ब्रांडेड होटल और आवास के लिए समझौता किया। निवेश की यह रकम मुख्य रूप से आंतरिक रूप से अर्जित आय, बिक्री संग्रह और वित्तीय संस्थानों से ऋण के जरिये जुटाई जाएगी। गुलशन ग्रुप की निदेशक युक्ति नागपाल ने कहा, ‘हमने दो वित्तीय संस्थानों के साथ करार किया है और उनमें से एक से हमें स्वीकृत रकम प्राप्त भी हो गई है।’

नोएडा एक्सप्रेसवे के पास सेक्टर 129 में स्थित इस परियोजना में 57 मंजिल होंगी। इस परियोजना में 150 कमरों वाला ताज होटल और 74 ताज-ब्रांडेड अपार्टमेंट्स होंगे, जिनमें से प्रत्येक लगभग 7,500 वर्ग फुट में होगा।

इस परियोजना की पहली 17 मंजिल होटल के लिए आरक्षित होंगी। इसके बाद 56वीं मंजिल तक प्रत्येक मंजिल पर दो ब्रांडेड इकाइयां होंगी। 57वीं मंजिल पर एक पेंटहाउस होगा, जो बिक्री के लिए नहीं होगा। निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और परियोजना के साल 2031 तक यानी पांच साल में पूरी होने की उम्मीद है।

गुलशन ग्रुप के निदेशक दीपक कपूर ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया, ‘आवास बिक्री से कुल राजस्व 2,000 करोड़ रुपये से अधिक होगा।’ कपूर ने कहा कि लगभग 50 प्रतिशत स्टॉक बिक चुका है। इसके खरीदारों में मुख्य रूप से दक्षिण दिल्ली के अति धनाढ्य व्यक्ति (एचएनआई) और नोएडा के एमएसएमई मालिक शामिल हैं।

हालांकि कंपनी ने मूल्य का खुलासा नहीं किया। लेकिन कपूर ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया कि यह परियोजना वर्तमान में लगभग 35 करोड़ रुपये प्रति अपार्टमेंट की दर पर बिक रही है। कपूर ने कहा कि प्रति यूनिट कीमत 100 करोड़ रुपये तक जाने की उम्मीद है। गुलशन ग्रुप ने बताया कि इस परियोजना में 8,000 वर्ग फुट का विशाल बॉलरूम शामिल होगा, जिसके साथ प्री-फंक्शन एरिया और मीटिंग रूम्स भी होंगे।

First Published : March 18, 2026 | 10:06 PM IST