कंपनियां

Tata Power Q2 results: नेट प्रॉफिट 9% बढ़कर 1,017 करोड़ रुपये पर पहुंचा

एक साल पहले 2022-23 की इसी तिमाही में कंपनी ने 935.18 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

Published by
भाषा   
Last Updated- November 08, 2023 | 6:58 PM IST

Tata Power Q2 results: निजी क्षेत्र की बिजली कंपनी टाटा पावर का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2023-24 की जुलाई-सितंबर तिमाही में नौ प्रतिशत बढ़कर 1,017.41 करोड़ रुपये रहा है। मुख्य रूप से आमदनी बढ़ने से कंपनी का मुनाफा बढ़ा है। कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार यह सूचना दी।

एक साल पहले 2022-23 की इसी तिमाही में कंपनी ने 935.18 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। टाटा पावर की कुल आय सितंबर, 2023 को समाप्त तिमाही में 16,029.54 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 14,181.07 करोड़ रुपये थी।

कंपनी ने बयान में कहा कि तिमाही के दौरान उसके शुद्ध लाभ में 84 प्रतिशत का महत्वपूर्ण योगदान मुख्य कारोबार का रहा। जबकि कोयला खनन कार्यों सहित विदेशी संयुक्त उद्यमों के योगदान में गिरावट बनी हुई है।

Also read: Reliance Capital Q2 results: दिवाला कार्यवाही का सामना कर रही कंपनी को हुआ 239 करोड़ रुपये का नेट घाटा

टाटा पावर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) और प्रबंध निदेशक प्रवीर सिन्हा ने कहा, ‘‘हमने वित्तीय प्रदर्शन के लिहाज एक और मजबूत तिमाही दर्ज की है। हमारे सभी मुख्य कारोबार के मजबूत योगदान से वित्तीय प्रदर्शन अच्छा रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वित्तीय सूझबूझ, बेहतर परिचालन के साथ-साथ व्यापार में मजबूती और विविधीकरण ने लाभ में बढ़त बनाये रखने में मदद की।’’

First Published : November 8, 2023 | 6:58 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)