प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
देश की दिग्गज बिजली कंपनी टाटा पावर ने वित्त वर्ष 2026 की अपनी चौथी तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। कंपनी के लिए यह तिमाही थोड़ी सुस्त रही है, जहां उसके मुनाफे (Net Profit) में 4.5 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, कंपनी का मुनाफा पिछले साल के 1,043 करोड़ रुपये के मुकाबले गिरकर 996 करोड़ रुपये रह गया है। इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह कंपनी के हाइड्रो और थर्मल पावर सेगमेंट में आई 39% की बड़ी कमी को माना जा रहा है।
बीती तिमाही कंपनी की कुल आय (Revenue) में भी 13 प्रतिशत की गिरावट आई है, जो अब 14,900 करोड़ रुपये है। पिछले साल की समान तिमाही में यह 17,095 करोड़ रुपये था।
इस गिरावट के पीछे मुख्य कारण गुजरात में स्थित 4-गीगावाट का वह पावर प्लांट था, जो पिछले साल अगस्त से बंद पड़ा था। दरअसल, महंगे विदेशी कोयले से बिजली बनाने पर मिलने वाला सरकारी मुआवजा बंद होने के बाद यह प्लांट ठप हो गया था। हालांकि, अब अप्रैल में यह दोबारा शुरू कर दिया गया है।
बीती तिमाही में कंपनी ने अपने खर्चों में भी 8% की कटौती करने में सफलता हासिल की है। बाजार में इन नतीजों का असर पहले ही दिखने लगा और मंगलवार को टाटा पावर के शेयर 3.3% टूटकर 419 रुपये पर बंद हुए।
Also Read: JSW Energy का शेयर 6% टूटा, फिर भी ब्रोकरेज क्यों दे रहे BUY की सलाह? जारी हुए नए टारगेट
भले ही तिमाही नतीजों में गिरावट दिखी हो, लेकिन कंपनी भविष्य को लेकर काफी आक्रामक नजर आ रही है। टाटा पावर के CEO और MD प्रवीर सिन्हा ने संकेत दिए हैं कि बढ़ती गर्मी और ‘अल नीनो’ के प्रभाव के कारण इस साल बिजली की मांग रिकॉर्ड 270 गीगावाट तक पहुंच सकती है। इस मांग को पूरा करने के लिए कंपनी अब क्लीन एनर्जी और घरेलू मैन्युफैक्चरिंग पर ध्यान दे रही है।
कंपनी ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। टाटा पावर की रिन्यूएबल यूनिट ने करीब 6,500 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी है, जिससे 10 गीगावाट क्षमता वाला सोलर सेल और वेफर बनाने का प्लांट लगाया जाएगा। इसके अलावा, वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी ने 2.5 गीगावाट की नई रिन्यूएबल कैपेसिटी भी जोड़ी है, जिससे उसका कुल पोर्टफोलियो अब 11.6 गीगावाट तक पहुंच गया है।
कंपनी ने अपने शेयरधारकों का ध्यान रखते हुए 2.50 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। अगर 7 जुलाई को होने वाली सालाना बैठक में इसे मंजूरी मिल जाती है, तो 10 जुलाई से इसका पेमेंट शुरू हो जाएगा। इसके लिए 23 जून को रिकॉर्ड डेट तय किया गया है।