कंपनियां

TCS ने AI की दुनिया में खेला बड़ा दांव! 50,000 कर्मचारियों को मिलेगा Claude AI का एक्सेस

टीसीएस ने कहा है कि वह अपने 50,000 कर्मचारियों को Claude एआई इस्तेमाल करने की सुविधा देगी

Published by
एजेंसियां   
Last Updated- June 11, 2026 | 12:33 PM IST

देश की बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस (TCS) ने एआई कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) के साथ एक बड़ी साझेदारी की है। इस साझेदारी का मकसद कंपनियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई का इस्तेमाल तेजी से करने में मदद करना है। टीसीएस इस साझेदारी के तहत एक खास टीम बनाएगी, जो एंथ्रोपिक के Claude एआई मॉडल पर आधारित नए समाधान तैयार करेगी। कंपनी को इन एआई टूल्स का शुरुआती एक्सेस भी मिलेगा।

टीसीएस ने कहा है कि वह अपने 50,000 कर्मचारियों को Claude एआई इस्तेमाल करने की सुविधा देगी। इसमें इंजीनियरिंग, फाइनेंस, लीगल, मार्केटिंग और सेल्स जैसे विभागों के कर्मचारी शामिल होंगे। दोनों कंपनियां मिलकर बैंकिंग, हेल्थकेयर, सरकारी सेवाओं, लाइफ साइंस, एविएशन, टेलीकॉम और मेडिकल टेक्नोलॉजी जैसे सेक्टरों के लिए एआई आधारित समाधान तैयार करेंगी। खास बात यह है कि उन क्षेत्रों पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा जहां सुरक्षा और नियमों का पालन बेहद जरूरी होता है।

इसके अलावा टीसीएस और एंथ्रोपिक ग्राहकों के लिए ऐसे एआई टूल्स बनाएंगी जो कामकाज को आसान बनाएंगे, पुराने सिस्टम को आधुनिक बनाएंगे और ग्राहकों का अनुभव बेहतर करेंगे। एंथ्रोपिक के सह-संस्थापक और सीईओ डारियो अमोडेई ने कहा कि यह साझेदारी भारत के प्रति उनकी कंपनी की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है। उन्होंने बताया कि भारत एंथ्रोपिक का दूसरा सबसे बड़ा बाजार है।

वहीं, टीसीएस के सीईओ और एमडी के. कृतिवासन ने कहा कि इस साझेदारी से ग्राहकों को एआई प्रोजेक्ट्स को जल्दी लागू करने में मदद मिलेगी, खासकर उन सेक्टरों में जहां भरोसा, सुरक्षा और नियमों का पालन सबसे ज्यादा मायने रखता है। (PTI के इनपुट के साथ)

First Published : June 11, 2026 | 12:33 PM IST