कंपनियां

Tesla ‘चुप’, अभी तक अपनी भारत की योजनाओं के बारे में नहीं बताया: अधिकारी

अमेरिकी अरबपति कारोबारी एलन मस्क 21-22 अप्रैल को भारत का दौरा करने वाले थे। हालांकि, उन्होंने 'भारी टेस्ला दायित्वों' का हवाला देते हुए आखिरी समय में अपनी यात्रा स्थगित कर दी

Published by
भाषा   
Last Updated- May 17, 2024 | 7:48 PM IST

अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार विनिर्माता टेस्ला ‘चुप’ है और उसने अभी तक नई ईवी नीति के तहत अपनी भारत की योजनाओं के बारे में सरकार को नहीं बताया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अमेरिकी अरबपति कारोबारी एलन मस्क 21-22 अप्रैल को भारत का दौरा करने वाले थे। हालांकि, उन्होंने ‘भारी टेस्ला दायित्वों’ का हवाला देते हुए आखिरी समय में अपनी यात्रा स्थगित कर दी थी। इलेक्ट्रिक कार विनिर्माता टेस्ला के सीईओ मस्क यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने वाले थे। यह पूछने पर कि क्या कंपनी ने अपनी योजनाओं के बारे में सरकार को बताया है, अधिकारी ने कहा, ”वे (टेस्ला) बस चुप हैं… (ईवी) नीति हमेशा सभी के लिए थी।”

Also read: SpiceJet विवाद में अजय सिंह को दिल्ली हाईकोर्ट से मिली राहत, कलानिधि मारन को नहीं लौटाने होंगे 579 करोड़ रुपये

अधिकारी ने कहा कि वाणिज्यिक फैसलों की घोषणा कंपनियां करती हैं। इस संबंध में टेस्ला को ई-मेल से भेजे गए सवालों का कोई जवाब नहीं आया। इससे पहले अप्रैल में, उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी भारत यात्रा की पुष्टि करते हुए लिखा था, ”भारत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मुलाकात के लिए उत्सुक हूं।”

पिछले साल जून में, मस्क ने मोदी की अमेरिकी यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात की थी और कहा था कि उन्होंने 2024 में भारत का दौरा करने की योजना बनाई है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया था कि टेस्ला जल्द ही भारतीय बाजार में प्रवेश करेगी।

First Published : May 17, 2024 | 7:48 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)