कंपनियां

इस साल ज्यादातर कर्मचारियों की जॉब बदलने की तैयारी, कंपनियों का बढ़ सकता है सर दर्द!

सर्वेक्षण में शामिल 10 में से आठ (79 प्रतिशत) पेशेवरों ने कहा कि वे अपने उद्योग या मौजूदा भूमिका से अलग अवसर की तलाश में हैं।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 17, 2024 | 11:54 AM IST

प्रतिस्पर्धा में बढ़ोतरी के बीच लगभग 88 प्रतिशत पेशेवर इस साल अपनी नौकरी बदलने पर विचार कर रहे हैं। बुधवार को जारी एक रिपोर्ट में यह निष्कर्ष निकाला गया है।

लिंक्डइन की रिपोर्ट के अनुसार, चुनौतीपूर्ण आर्थिक माहौल में बेहतर कार्य-जीवन संतुलन की इच्छा (42 प्रतिशत) और अधिक वेतन (37 प्रतिशत) की आकांक्षा की वजह से ज्यादातर पेशेवर नौकरी बदलना चाहते हैं।

लिंक्डइन की यह रिपोर्ट 24 नवंबर से 12 दिसंबर, 2023 के बीच देशभर में 1097 पूर्णकालिक या अस्थायी रोजगार में लगे पेशेवरों पर ‘सेंससवाइड’ के एक शोध पर आधारित है।

रिपोर्ट कहती है कि 88 प्रतिशत पेशेवर 2024 में नौकरी बदलने पर विचार कर रहे हैं। यह आंकड़ा पिछले साल की तुलना में चार प्रतिशत अधिक है। ये पेशेवर अपने करियर में नया रास्ता चुनना चाहते हैं।

सर्वेक्षण में शामिल 10 में से आठ (79 प्रतिशत) पेशेवरों ने कहा कि वे अपने उद्योग या मौजूदा भूमिका से अलग अवसर की तलाश में हैं। सर्वेक्षण में शामिल 72 प्रतिशत पेशेवरों ने कहा कि उन्होंने नौकरी खोजने के अपने दृष्टिकोण को बदल दिया है। अब वे वीडियो और डिजिटल बायोडाटा जैसे नए प्रारूपों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

ज्यादातर पेशेवर कृत्रिम मेधा (AI) का इस्तेमाल करने को भी इच्छुक हैं। लगभग 81 प्रतिशत पेशेवरों का कहना है कि एआई की मदद से उनकी नौकरी की तलाश अधिक प्रभावी और उत्पादक हो सकती है।

First Published : January 17, 2024 | 11:54 AM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)