टीटागढ़ रेल सिस्टम्स लिमिटेड (TRSL) को गुजरात मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (GMRC) से 350 करोड़ रुपये का ठेका मिला है। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इसके अंतर्गत TRSL अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के लिए 30 डब्बों का डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग करेगी। पहला मॉडल स्वीकृति पत्र (एलओए) से 70 सप्ताह के भीतर वितरित किया जाना है और 94 सप्ताह के अंदर आपूर्ति पूरी करनी होगी।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि मेट्रो रेल के इन डब्बों का विनिर्माण पश्चिम बंगाल के उत्तरपारा स्थित कंपनी की इकाई में किया जाएगा।
GMRC की अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण का अनुमानित खर्च 13,500 करोड़ रुपये है। इस परियोजना के तहत शहर के मौजूदा मेट्रो नेटवर्क में 28.2 किलोमीटर और जुड़ जाएंगे।