कंपनियां

UpGrad का बड़ा प्लान, 50 नए ऑफलाइन सेंटर खोलकर छोटे शहरों में बनाएगा स्किल हब

अपग्रेड वित्त वर्ष 27 तक 50 ऑफलाइन सेंटर खोलकर छोटे शहरों में स्किल डेवलपमेंट और नौकरी की तैयारी को बढ़ावा देगा।

Published by
Udisha Srivastav   
Last Updated- April 01, 2026 | 9:22 AM IST

ऑफलाइन शिक्षा की दिशा में निरंतर विस्तार करते हुए एडटेक कंपनी अपग्रेड ने कहा है कि वह वित्त वर्ष 27 के आखिर तक 50 केंद्र शुरू करने का लक्ष्य बना रही है। कौशल विकास करने वाला यह प्लेटफॉर्म अप्रैल में पानीपत (हरियाणा), सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) और चंडीगढ़ में तीन नए केंद्र खोलने की तैयारी में है। इससे उभरते बाजारों में उसकी मौजूदगी मजबूत होगी।

कंपनी में ऑफलाइन कारोबार के मुख्य परिचालन अधिकारी मनीष कालरा ने बिज़नेस स्टैंडर्ड को बताया, ‘वर्तमान में हमारे पास 23 केंद्र हैं। काफी जल्द ही इनका विस्तार करने तथा इन्हें बढ़ाने की योजना है। हम मांग के आधार पर तेजी ला सकते हैं। लेकिन निश्चित रूप से योजना अगले 12 महीने के भीतर 50 तक पहुंचने की है।’

कंपनी की पहले से ही 20 शहरों के 23 केंद्रों में मौजूदगी है। उसका लक्ष्य मझोले तथा छोटे बाजारों में अपनी मौजूदगी और बढ़ाना है। मौजूदा केंद्र पुणे, अहमदाबाद, बेंगलूरु, भोपाल, भुवनेश्वर, कोयम्बत्तूर, देहरादून, हैदराबाद, गुरुग्राम, इंदौर, बिलासपुर, मंगलूरु, रायपुर, राजकोट और जयपुर जैसे शहरों में हैं।

कालरा ने बताया कि ऑफलाइन सीखने के तरीकों में अत्यधिक रुचि दिखाने वाले युवाओं में 21 से 26 आयु वर्ग वाले वे लोग हैं, जो नौकरी के लिए कौशल हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘यह लक्षित समूह 21 से 26 आयु वर्ग से संबंधित है, जो लगभग स्नातक है या स्नातक कर चुका है तथा नवीनतम कौशल के साथ नौकरी के लिए तैयार होना चाहता है। ऐसे लोग महानगरों के साथ-साथ अन्य शहरों में भी हैं। उनमें से 70 प्रतिशत स्टेम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित) में स्नातक हैं। वे दुरुस्त इनपुट-प्रशिक्षण कार्यक्रम चाहते हैं और हम उन्हें क्लासरूम शिक्षण, अनुशासित दृष्टिकोण के जरिये सक्षम बनाते हैं।’

युवाओं के अलावा यह प्लेटफॉर्म बेंगलूरु, पुणे और हैदराबाद जैसे शहरों में कामकाजी पेशेवरों के लिए सप्ताहांत कक्षाएं भी उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा, ‘वे (कामकाजी पेशेवर) आना चाहते हैं, प्रशिक्षक से सीखना चाहते हैं, अभ्यास करना चाहते हैं, प्रश्न पूछना चाहते हैं, सक्षम बनना चाहते हैं और साफ तौर पर नौकरी के उस अगले स्तर के लिए खुद को प्रतिभा संपन्न करना चाहते हैं, जिसकी उन्हें इच्छा है।’ कंपनी के ऑफलाइन पाठ्यक्रमों की औसत कीमत छह महीने के लिए लगभग 75,000 रुपये है।

सभी उपलब्ध पाठ्यक्रमों में ‘डेटा साइंस’ मांग को बढ़ावा दे रही है क्योंकि यह ऑफलाइन केंद्रों में सबसे लोकप्रिय क्षेत्र बनकर उभरा है। कालरा ने कहा कि प्लेटफॉर्म केवल तकनीकी कक्षाएं ही नहीं देता, बल्कि शिक्षार्थियों को सॉफ्ट स्किल विकसित करने और मॉक इंटरव्यू के साथ अभ्यास में भी सहायता करता है।

First Published : April 1, 2026 | 9:22 AM IST