कंपनियां

भारत पर बड़ा दांव खेल रही Walmart, 40 अरब डॉलर का सामान खरीदा

वॉलमार्ट ने कहा है कि भारत वैश्विक व्यापार में सबसे तेजी से बढ़ते अवसरों में से एक है। कंपनी अब तक भारत से 40 अरब डॉलर से ज्यादा का सामान खरीद चुकी है

Published by
एजेंसियां   
Last Updated- May 08, 2026 | 8:59 AM IST

अमेरिका की रिटेल दिग्गज कंपनी वॉलमार्ट इंक के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्याधिकारी जॉन फर्नर ने कहा कि भारत वैश्विक व्यापार में सबसे गतिशील अवसरों में से एक है। भारत से कंपनी अब तक 40 अरब डॉलर का सामान खरीद चुकी है।

वॉलमार्ट ने पहले 2027 तक भारत से प्रति वर्ष 10 अरब डॉलर तक का सामान खरीदने की घोषणा की थी और अब वह उद्यमियों और आपूर्तिकर्ताओं की क्षमताओं को मजबूत बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

वॉलमार्ट इंक के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्याधिकारी जॉन फर्नर ने कहा, ‘हमने भारत से पहले ही 40 अरब डॉलर से ज्यादा का सामान खरीदा है और अब हमारा ध्यान उद्यमियों और आपूर्तिकर्ताओं की क्षमताओं को मजबूत बनाने, अनुपालन और गुणवत्ता के मानकों को बेहतर बनाने तथा निर्माण बढ़ाने में मदद करने पर है, ताकि ज्यादा से ज्यादा भारतीय व्यवसायी निर्यात के लिए तैयार हो सकें।’

अपनी ‘वृद्धि’ पहल के तहत कंपनी ने 1.15 लाख से अधिक उद्यमियों के विकास में सहयोग दिया है। इस पहल को एमएसएमई को आधुनिक बनाने, उनका विस्तार करने और उनकी घरेलू महत्त्वाकांक्षाओं को पूरा करने में सहायता देने के लिए तैयार किया गया है।

कंपनी द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि वह अनुपालन और गुणवत्ता मानकों के पालन और निर्माण का दायरा बढ़ाने में उद्यमियों की मदद कर रही है, जिससे कि ज्यादा संख्या में भारतीय व्यवसायी निर्यात के लिहाज से सक्षम बन सकें। वॉलमार्ट ने फरवरी 2024 में कहा था कि उसने पिछले दो दशकों में अपने वैश्विक परिचालन के लिए भारतीय बाजार से 30 अरब डॉलर से ज्यादा का सामान खरीदा है।

First Published : May 8, 2026 | 8:59 AM IST