कंपनियां

Zee एंटरटेनमेंट ने संगठन में किए फेरबदल, पुनीत गोयनका को मिली ये जिम्मेदारी

ZEE ने अप्रैल की शुरुआत में अपने 15% कर्मचारियों की छंटनी की प्रक्रिया शुरू की थी। इस दौरान खुद पुनीत गोयनका के पारिश्रमिक में भी 20 प्रतिशत की कटौती की घोषणा की गई।

Published by
भाषा   
Last Updated- April 17, 2024 | 10:23 PM IST

मीडिया कंपनी ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने बुधवार को एक सुव्यवस्थित संगठनात्मक संरचना की घोषणा की जिसमें प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्य अधिकारी पुनीत गोयनका को घरेलू प्रसारण समेत महत्वपूर्ण कार्यक्षेत्रों का सीधा प्रभार सौंपा गया है।

कंपनी के निदेशक मंडल से अनुमोदित नए संगठनात्मक ढांचे के अनुरूप जी एंटरटेनमेंट का संचालन चार प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों – प्रसारण, डिजिटल, फिल्म एवं संगीत के रूप में किया जाएगा। ज़ी एंटरटेनमेंट ने अप्रैल की शुरुआत में अपने 15 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी की प्रक्रिया शुरू की थी। इस दौरान खुद पुनीत गोयनका के पारिश्रमिक में भी 20 प्रतिशत की कटौती की घोषणा की गई।

पुनर्गठन के तहत पुनीत गोयनका के भाई अमित गोयनका को अंतरराष्ट्रीय प्रसारण, उद्यम प्रौद्योगिकी, प्रसारण संचालन एवं इंजीनियरिंग खंड का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। फिलहाल डिजिटल व्यवसाय के प्रमुख अमित गोयनका के पास फिल्मों सहित मूल सामग्री का सीधा प्रभार भी होगा।

घरेलू प्रसारण व्यवसाय खंड में जी चैनलों के दक्षिण समूह का नेतृत्व कर रहे सिजू प्रभाकरन को पश्चिमी समूह की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है। इसी तरह, चैनलों के पूर्वी समूह के प्रमुख सम्राट घोष उत्तरी और प्रीमियम समूह की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालेंगे। कंपनी ने रुचिर तिवारी पहले की तरह हिंदी फिल्म खंड की कमान संभालते रहेंगे जबकि विष्णु शंकर ‘एंड टीवी’ और फ्री-टू-एयर चैनल खंड का नेतृत्व करना जारी रखेंगे।

First Published : April 17, 2024 | 10:23 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)