कंपनियां

Q4 Results: Zydus Wellness, Strides Pharma से लेकर Tata Consumer तक; किस कंपनी का कैसा रहा हाल?

चौथी तिमाही के नतीजों में स्ट्राइड्स फार्मा और एनारॉक का राजस्व तेजी से बढ़ा है, जबकि टाटा स्टारबक्स का घाटा कम हुआ और जायडस वेलनेस का मुनाफा कुछ घटा है

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 18, 2026 | 10:12 PM IST

जायडस वेलनेस का एकीकृत शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही में 5.75 प्रतिशत घटकर 162 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी का वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में शुद्ध मुनाफा 171.9 करोड़ रुपये था।

जायडस वेलनेस ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय 1,484.7 करोड़ रुपये रही जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 913.1 करोड़ रुपये थी। कुल खर्च 740.5 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,308.6 करोड़ रुपये हो गया। कुल कर व्यय भी सालाना आधार पर 1.5 करोड़ रुपये से बढ़कर 15.3 करोड़ रुपये हो गया। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 197.2 करोड़ रुपये रहा जो 2024-25 में 346.9 करोड़ रुपये था।

परिचालन आय 2,708.9 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,961 करोड़ रुपये हो गई। कंपनी के निदेशक मंडल ने 18 मई, 2026 को हुई बैठक में दो रुपये अंकित मूल्य वाले प्रति शेयर पर 1.20 रुपये के अंतिम लाभांश की सिफारिश की जो शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है।

स्ट्राइड्स फार्मा का मुनाफा 51% बढ़ा

स्ट्राइड्स फार्मा साइंस लिमिटेड का वित्त वर्ष 26 की जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 51 प्रतिशत बढ़कर 129.28 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में कंपनी ने 85.62 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। स्ट्राइड्स फार्मा ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय बढ़कर 1,323.47 करोड़ रुपये रही, जो 2024-25 की चौथी तिमाही में 1,190.39 करोड़ रुपये थी।

कंपनी की निवेशक प्रस्तुति के अनुसार, चौथी तिमाही में अमेरिका को छोड़कर प्रमुख बाजारों से राजस्व बढ़कर 645.8 करोड़ रुपये हो गया, जो 2024-25 की समान तिमाही में 480 करोड़ रुपये था। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 574.52 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह 3,597.51 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की परिचालन आय बढ़कर 4,858.68 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 में 4,565.34 करोड़ रुपये थी।

एनारॉक ग्रुप का राजस्व 25% बढ़ा

रियल एस्टेट क्षेत्र की सलाहकार कंपनी एनारॉक ग्रुप का वित्त वर्ष 2025-26 में राजस्व 25 प्रतिशत बढ़कर 946 करोड़ रुपये हो गया है। कंपनी के चेयरमैन अनुज पुरी ने कहा कि मजबूत आवासीय मांग और कार्यालय व खुदरा परिसरों को पट्टे पर देने की गतिविधियों में आई तेजी से यह वृद्धि हुई है। कंपनी का वित्त वर्ष 2024-25 में राजस्व 755 करोड़ रुपये था।

पुरी ने कहा कि भारतीय रियल एस्टेट बाजार की निरंतर मजबूती के समर्थन से कंपनी आक्रामक वृद्धि की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।   भाषा

टाटा स्टारबक्स का घाटा कम होकर रह गया 49 करोड़ रु

टाटा स्टारबक्स का वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध घाटा कम होकर 49.47 करोड़ रुपये रह गया है। स्टोर विस्तार और बिक्री बढ़ने से कंपनी का घाटा कम हुआ है। टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (टीसीपीएल) की ताजा सालाना रिपोर्ट के अनुसार, 2024-25 में यह घाटा 135.7 करोड़ रुपये था। इस वित्त वर्ष के दौरान राजस्व सात प्रतिशत बढ़कर 1,367 करोड़ रुपये हो गया।

टाटा स्टारबक्स, टीसीपीएल और अमेरिका स्थित स्टारबक्स कारपोरेशन के साथ बराबर की साझेदारी वाले साझा उपक्रम में स्टारबक्स कैफे की क्यूएसआर श्रृंखला का संचालन करती है। रिपोर्ट में कहा गया, ‘कंपनी ने इस वर्ष 23 नए स्टोर खोले।’

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि स्टोर जोड़ने के अलावा, यह विकास पेय पदार्थों और खाद्य कार्यक्रमों में नवाचार, मौसमी सहयोग और बेहतर उपहार पोर्टफोलियो द्वारा समर्थित था।

First Published : May 18, 2026 | 10:09 PM IST